दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 2025 में रिकॉर्ड 9.52 करोड़ यात्रियों ने किया सफर
दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से 2025 में रिकॉर्ड 9.52 करोड़ यात्रियों ने किया सफर
दुबई, 11 फरवरी (एपी) दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा, 2025 में भी दुनिया का सबसे व्यस्त हवाई अड्डा रहा।
अधिकारियों ने बुधवार को बताया कि 2025 में रिकॉर्ड 9.52 करोड़ यात्रियों ने इसके टर्मिनल से सफर किया, जो अमीरात की जारी आर्थिक तेजी को दर्शाता है। वैश्विक महामारी के बाद के वर्ष में हवाई अड्डे की गतिविधियों में तेज उछाल आया है। इसे वैश्विक यात्रा रुचि के साथ-साथ संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के सबसे बड़े शहर दुबई में बढ़ते पर्यटन, व्यापार एवं रियल एस्टेट अवसरों से बल मिला है।
दुबई में पिछले साल पर्यटकों की संख्या पांच प्रतिशत बढ़कर 1.96 करोड़ तक पहुंच गई। यह लगातार तीसरा वर्ष है जब रिकॉर्ड आंकड़े दर्ज किए गए।
सार्वजनिक क्षेत्र का हवाई अड्डा लंबी दूरी की विमानन कंपनी एमिरेट्स का केंद्र है जो अमीरात में ‘दुबई इंक.’ के नाम से जानी जाने वाली सरकारी व सरकार से जुड़ी कंपनियों के नेटवर्क को मजबूती देता है।
दुबई एयरपोर्ट्स के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पॉल ग्रिफिथ्स ने कहा कि 2025 में दुबई अंतरराष्ट्रीय ने यह दिखा दिया, ‘‘ रिकॉर्ड यातायात अब कोई अपवाद नहीं बल्कि इसकी संचालन वास्तविकता का हिस्सा बन चुका है।’’
दुबई हवाई अड्डे से 2024 में 9.23 करोड़ यात्रियों ने सफर किया था जबकि 2023 में यह आंकड़ा 8.69 करोड़ रहा। 2019 में वैश्विक महामारी से ठीक पहले यात्रियों की संख्या 8.63 करोड़ रही थी और 2018 में 8.91 करोड़ थी।
दुबई अंतरराष्ट्रीय से उड़ान भरने वाले यात्रियों के लिए भारत शीर्ष गंतव्य रहा जहां 1.19 करोड़ यात्रियों ने यात्रा की। इसके बाद सऊदी अरब (75 लाख) और ब्रिटेन (63 लाख) का स्थान रहा।
इस हवाई अड्डे से 108 विमानन कंपनियां 110 देशों के 291 शहरों के लिए उड़ानें संचालित करती हैं।
एपी निहारिका
निहारिका

Facebook


