मजबूत राष्ट्रीय वृद्धि के बावजूद पूर्वी भारत पिछड़ रहा है : संजीव सान्याल
मजबूत राष्ट्रीय वृद्धि के बावजूद पूर्वी भारत पिछड़ रहा है : संजीव सान्याल
कोलकाता, तीन फरवरी (भाषा) प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद के सदस्य संजीव सान्याल ने मंगलवार को कुछ राज्यों में वृद्धि संबंधी असमानताओं को रेखांकित किया और कहा कि औद्योगिक केंद्र के रूप में कोलकाता की दीर्घकालिक गिरावट और बुनियादी ढांचे के धीमे विकास के कारण पूर्वी भारत लगातार पिछड़ रहा है।
सान्याल ने कलकत्ता चैंबर ऑफ कॉमर्स के सदस्यों को संबोधित करते हुए कहा कि आर्थिक सुधारों का लाभ क्षेत्रों में असमान रहा है।
चैंबर द्वारा जारी एक बयान में उनके हवाले से कहा गया , ‘1991 के सुधारों के बाद दक्षिणी राज्यों ने गति पकड़ी और आज भारत की सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) में 30 प्रतिशत से अधिक का योगदान दिया है, जबकि पूर्वी और उत्तरी भारत के कुछ हिस्सों ने गति नहीं पकड़ी है।’
मजबूत शहरी इंजन की आवश्यकता पर बल देते हुए सान्याल ने बेंगलुरु, हैदराबाद और मुंबई-पुणे गलियारे को सफल उदाहरण बताते हुए कहा कि क्षेत्रीय विकास बड़ी सुविधाओं वाले शहरों के निर्माण पर निर्भर करता है जो निवेश और उत्पादकता बढ़ा सकते हैं।
बयान के अनुसार, सान्याल ने वित्त वर्ष 2026-27 के आम बजट को विकासोन्मुख बताया और राजकोषीय सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ पूंजीगत व्यय आधारित रणनीति की वकालत की।
उन्होंने बजट में राजकोषीय घाटा कम करने, बुनियादी ढांचे पर अधिक खर्च और संपत्ति मौद्रीकरण पर ध्यान देने का स्वागत किया जबकि नवाचार और जोखिम लेने को प्रोत्साहित करने वाले नीतिगत उपायों का भी समर्थन किया।
भाषा योगेश अजय
अजय

Facebook


