एम्बैसी बेंगलुरु में 30 लाख वर्ग फुट कार्यालय परिसर पर 1,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Ads

एम्बैसी बेंगलुरु में 30 लाख वर्ग फुट कार्यालय परिसर पर 1,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

  •  
  • Publish Date - June 28, 2026 / 02:23 PM IST,
    Updated On - June 28, 2026 / 02:23 PM IST

नयी दिल्ली, 28 जून (भाषा) रियल एस्टेट क्षेत्र की कंपनी एम्बैसी डेवलपमेंट्स वाणिज्यिक परिसंपत्तियों से किराया आय बढ़ाने की रणनीति के तहत बेंगलुरु में 30 लाख वर्ग फुट के कार्यालय परिसर के निर्माण पर 1,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगी।

कंपनी का मुख्य कारोबार आवास क्षेत्र में है और उसकी मौजूदगी बेंगलुरु, मुंबई महानगर क्षेत्र (एमएमआर) तथा दिल्ली-राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) में है।

एम्बैसी डेवलपमेंट्स के प्रबंध निदेशक आदित्य विरवानी ने ”पीटीआई-भाषा’ से कहा कि कंपनी की मुख्य प्राथमिकता तेजी से बढ़ रहे आवास कारोबार पर बनी रहेगी।

हालांकि, उन्होंने कहा कि कंपनी किराया आय बढ़ाने के उद्देश्य से कार्यालय परिसंपत्तियों का भी विकास करेगी।

विरवानी ने बताया कि कंपनी बेंगलुरु में 35 एकड़ क्षेत्र में 60 लाख वर्ग फुट क्षेत्रफल वाला एक बड़ा कार्यालय परिसर विकसित करेगी।

उन्होंने कहा, ‘इस परियोजना का विकास दो चरणों में किया जाएगा। पहले चरण में 30 लाख वर्ग फुट क्षेत्र का निर्माण शुरू हो गया है।’

पहले चरण में निवेश के बारे में पूछे जाने पर विरवानी ने कहा कि भूमि लागत को छोड़कर इस पर लगभग 1,500 करोड़ रुपये का निवेश होगा।

उन्होंने कहा कि इस कार्यालय परिसर को कंपनियों को पट्टे पर दिया जाएगा।

भारत के कार्यालय बाजार को लेकर आशावाद जताते हुए विरवानी ने कहा कि विशेष रूप से भारत में वैश्विक क्षमता केंद्र (जीसीसी) स्थापित करने की इच्छुक विदेशी कंपनियों की ओर से प्रीमियम कार्यालय स्थलों की मांग लगातार मजबूत बनी हुई है।

आवास कारोबार के बारे में उन्होंने कहा कि मजबूत उपभोक्ता मांग के कारण पिछले वित्त वर्ष में कंपनी की बिक्री बुकिंग दोगुनी से अधिक बढ़कर 4,631 करोड़ रुपये पर पहुंच गई।

चालू वित्त वर्ष के लिए कंपनी ने 8,000 करोड़ रुपये की बिक्री बुकिंग का लक्ष्य रखा है।

भाषा योगेश अजय

अजय