इमार्टिकस लर्निंग ने सिंगापुर के बेल्स इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग का किया अधिग्रहण
इमार्टिकस लर्निंग ने सिंगापुर के बेल्स इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग का किया अधिग्रहण
नयी दिल्ली, 31 जुलाई (भाषा) शिक्षा-प्रौद्योगिकी कंपनी इमार्टिकस लर्निंग ने सिंगापुर स्थित बेल्स इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग का करीब 800 करोड़ रुपये में अधिग्रहण कर लिया है।
कंपनी ने शुक्रवार को कहा कि इस सौदे से उसे दक्षिण-पूर्व एशिया में अपनी पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।
सूत्रों ने कहा कि इस अधिग्रहण सौदे का आकार करीब 800 करोड़ रुपये रहा है।
कंपनी ने बयान में कहा, ‘‘इमार्टिकस लर्निंग ने सिंगापुर स्थित बेल्स इंस्टीट्यूट ऑफ हायर लर्निंग का अधिग्रहण कर लिया है, जो उसका पहला अंतरराष्ट्रीय अधिग्रहण है और वृद्धि यात्रा में एक महत्वपूर्ण पड़ाव भी है। इस सौदे के साथ सिंगापुर दक्षिण-पूर्व एशिया के लिए इमार्टिकस लर्निंग का क्षेत्रीय केंद्र बन जाएगा।’’
अधिग्रहण के बाद संयुक्त इकाई में 1,100 से अधिक कर्मचारी होंगे और उसका संचालन भारत एवं सिंगापुर में 25 से अधिक कार्यालयों से किया जाएगा।
इमार्टिकस लर्निंग भारत में वित्त और पेशेवर शिक्षा पर केंद्रित है। वहीं, बेल्स इंस्टीट्यूट के जुड़ने से कंपनी के पोर्टफोलियो में उद्यम शिक्षा, कृत्रिम मेधा (एआई), डेटा विश्लेषण, प्रौद्योगिकी और कार्यबल विकास जैसे क्षेत्र शामिल हो जाएंगे।
इमार्टिकस लर्निंग के समूह मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) निखिल बरशिकर ने कहा, ‘‘यह अधिग्रहण कंपनी की वृद्धि के अगले चरण की शुरुआत है। बेल्स के साथ साझेदारी से कंपनी को एशिया के कार्यबल विकास तंत्र में मजबूती मिलेगी और दक्षिण-पूर्व एशिया में विस्तार का आधार तैयार होगा।
भाषा यासिर प्रेम
प्रेम

Facebook


