रियल एस्टेट, डेटा सेंटर और होटल क्षेत्र में इक्विटी निवेश सितंबर तिमाही में 9.5 अरब डॉलर पर

Ads

रियल एस्टेट, डेटा सेंटर और होटल क्षेत्र में इक्विटी निवेश सितंबर तिमाही में 9.5 अरब डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - September 28, 2026 / 07:35 PM IST,
    Updated On - September 28, 2026 / 07:35 PM IST

नयी दिल्ली, 28 सितंबर (भाषा) रियल एस्टेट, डेटा सेंटर और आतिथ्य क्षेत्रों में सितंबर तिमाही के दौरान इक्विटी निवेश रिकॉर्ड 9.5 अरब डॉलर पर पहुंच गया, जो एक साल पहले की समान अवधि के मुकाबले दोगुने से अधिक है। रियल एस्टेट सलाहकार कंपनी सीबीआरई ने सोमवार को यह जानकारी दी।

सीबीआरई के अनुसार, जुलाई-सितंबर तिमाही में आए कुल इक्विटी निवेश में डेटा सेंटर क्षेत्र की हिस्सेदारी 57 प्रतिशत रही।

सीबीआरई की सोमवार को जारी रिपोर्ट ‘इंडिया मार्केट मॉनिटर इन्वेस्टमेंट्स फॉर क्यू3 2026’ के अनुसार, जुलाई-सितंबर तिमाही में रियल एस्टेट, डेटा सेंटर और आतिथ्य क्षेत्रों में कुल इक्विटी निवेश 9.5 अरब डॉलर रहा, जो किसी भी तिमाही में अबतक का सबसे अधिक निवेश है।

सितंबर तिमाही में निवेश एक साल पहले की समान अवधि के 4.4 अरब डॉलर के मुकाबले दोगुने से अधिक रहा।

सीबीआरई ने कहा कि निवेश में यह तेजी मुख्य रूप से डेटा सेंटर में निवेशकों की बढ़ती रुचि तथा तैयार कार्यालय परिसंपत्तियों और जमीन एवं विकास स्थलों में लगातार पूंजी निवेश से प्रेरित रही।

सीबीआरई के चेयरमैन और मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ), भारत, दक्षिण-पूर्व एशिया, पश्चिम एशिया और अफ्रीका अंशुमान मैगजीन ने कहा, ‘‘यह भारत के रियल एस्टेट पूंजी बाजार के लिए महत्वपूर्ण तिमाही है। वैश्विक निवेशक मजबूत भरोसे के साथ लौटे हैं और संस्थागत पूंजी अब कार्यालयों और जमीन से आगे बढ़कर डेटा सेंटर में भी जा रही है। यह दर्शाता है कि भारत का रियल एस्टेट बाजार कितना व्यापक और विविधता वाला हो गया है।’’

उन्होंने कहा कि कंपनी को उम्मीद है कि यह भरोसा वर्ष के बाकी समय में भी बना रहेगा।

भाषा योगेश अजय

अजय