ईएसआईसी नए अस्पतालों का करेगा सीधा प्रबंधन

ईएसआईसी नए अस्पतालों का करेगा सीधा प्रबंधन

ईएसआईसी नए अस्पतालों का करेगा सीधा प्रबंधन
Modified Date: June 30, 2026 / 09:54 pm IST
Published Date: June 30, 2026 9:54 pm IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) ने निर्णय लिया है कि स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाए रखने के मकसद से वह सभी नए और हाल में शुरू हुए ईएसआई अस्पतालों का प्रबंधन सीधे तौर पर खुद करेगा। श्रम मंत्रालय ने यह जानकारी दी।

केंद्रीय श्रम एवं रोजगार और युवा कार्यक्रम तथा खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया की अध्यक्षता में नयी दिल्ली में ईएसआईसी की 198वीं बैठक आयोजित की गई, जिसमें कई महत्वपूर्ण एजेंडा को मंजूरी दी गई। इनका उद्देश्य संगठन की स्वास्थ्य अवसंरचना को मजबूत करना, चिकित्सा शिक्षा का विस्तार करना और सेवा वितरण व संगठनात्मक दक्षता में सुधार करना है।

मंत्रालय के बयान के अनुसार, एक महत्वपूर्ण निर्णय के तहत अब सभी नए और आने वाले समय में शुरू होने वाले ईएसआई अस्पतालों का प्रबंधन सीधे ईएसआईसी करेगा, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में एकरूपता, दक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित हो सकेगी।

हालांकि, जो अस्पताल वर्तमान में राज्य सरकारों के अधीन संचालित हैं और जिनका पुनर्निर्माण या उन्नयन किया जा रहा है, वे फिलहाल राज्य सरकारों के प्रबंधन में ही रहेंगे। लेकिन अगर संबंधित राज्य सरकार चाहे तो उन्हें ईएसआईसी को हस्तांतरित किया जा सकता है।

भाषा यासिर अजय

अजय


लेखक के बारे में