यूरेका फोर्ब्स का 2029-30 में राजस्व को दोगुना करने का लक्ष्य

Ads

यूरेका फोर्ब्स का 2029-30 में राजस्व को दोगुना करने का लक्ष्य

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 04:31 PM IST

नयी दिल्ली, 27 जुलाई (भाषा) स्वास्थ्य एवं स्वच्छता उत्पाद क्षेत्र में काम करने वाली कंपनी यूरेका फोर्ब्स लिमिटेड का लक्ष्य वित्त वर्ष 2024-25 के मुकाबले 2029-30 तक अपने राजस्व को दोगुना करके 5,400-5,600 करोड़ रुपये करने का है।

इसके साथ ही कंपनी ने ब्याज, कर, मूल्यह्रास और परिशोधन से पहले की आय (एबिटा) को तिगुना करके 800-850 करोड़ रुपये करने का इरादा जताया है। कंपनी ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में यह जानकारी दी।

यूरेका फोर्ब्स ने कहा कि कंपनी वित्त वर्ष 2026-27 के बाद से वृद्धि को गति देने के लिए नवाचार और बाजार पैठ बढ़ाने पर जोर दे रही है। कंपनी ने कहा, ‘‘हमें उम्मीद है कि यह वृद्धि आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी, जिसमें वित्त वर्ष 2026-27 के बाद से सार्थक तेजी आएगी।’’

यूरेका फोर्ब्स ने वित्त वर्ष 2025-26 में 2,710 करोड़ रुपये का राजस्व दर्ज किया। इसके अलावा, उसने लगातार तीन वर्षों तक एबिटा या कर पूर्व आय मार्जिन बढ़ने की सूचना दी है, जो कंपनी की बदलाव संबंधी पहल की सफलता को दर्शाता है।

कंपनी के प्रबंध निदेशक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) प्रतीक पोटा ने कहा, ”हमने वित्त वर्ष 2024-25 के मुकाबले 2029-30 तक राजस्व को दोगुना करके 5,400-5,600 करोड़ रुपये और कर पूर्व आय को तिगुना करके 800-850 करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा है।”

भाषा पाण्डेय अजय

अजय