गुरिंदरवीर 100 मीटर के सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूके, श्रीशंकर लंबी कूद के फाइनल में

Ads

गुरिंदरवीर 100 मीटर के सेमीफाइनल में जगह बनाने से चूके, श्रीशंकर लंबी कूद के फाइनल में

  •  
  • Publish Date - July 27, 2026 / 04:31 PM IST,
    Updated On - July 27, 2026 / 04:31 PM IST

ग्लास्गो, 27 जुलाई (भाषा) भारत के फर्राटा धावक गुरिंदरवीर सिंह राष्ट्रमंडल खेलों में उम्मीदों पर खरे नहीं उतर पाए और 10.39 सेकंड के निराशाजनक समय के साथ हीट (शुरुआती दौर) में 28वें स्थान पर रहने के बाद पुरुषों की 100 मीटर दौड़ की स्पर्धा से बाहर हो गए।

लंबी कूद के खिलाड़ी एम श्रीशंकर ने हालांकि अपने पहले ही प्रयास में क्वालीफाइंग स्तर पार करके फाइनल में जगह बना ली।

श्रीशंकर ने ग्रुप ए में अपने पहले ही प्रयास में 8.01 मीटर के प्रयास से फाइनल में जगह बना ली। उनका सत्र का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 8.38 मीटर है। फाइनल के लिए क्वालीफाइंग स्तर आठ मीटर या सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कम से कम 12 खिलाड़ी हैं।

गुरिंदरवीर से 100 मीटर दौड़ में अपने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के करीब भी नहीं पहुंच पाए और पहले दौर में ही बाहर हो गए।

गुरिंदरवीर ने हीट चार की पांचवीं लेन में अच्छी शुरुआत की। वह शुरू में जमैका के रोहन वॉटसन के साथ बने रहे, लेकिन जमैका के खिलाड़ी ने अंतिम 30-35 मीटर में तेजी दिखाई और 10.13 सेकंड के साथ पहला स्थान हासिल किया।

भारतीय खिलाड़ी ने अपनी हीट में दूसरा स्थान हासिल किया लेकिन वह कुल मिलाकर 28वें स्थान पर रहे और इस तरह से सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गए।

वॉटसन कुल मिलाकर नौवें स्थान पर रहे और मंगलवार को होने वाले सेमीफाइनल में पहुंच गए। सात खिलाड़ी बाई मिलने के कारण पहले ही सेमीफाइनल में पहुंच गए थे। हीट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 17 खिलाड़ियों ने उनके साथ सेमीफाइनल में जगह बनाई।

पंजाब के 25 वर्षीय खिलाड़ी गुरिंदरवीर ने मई में रांची में फेडरेशन कप में 10.09 सेकंड का राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया था। वह 10.10 सेकंड से कम समय निकालने वाले पहले भारतीय हैं। लेकिन यहां वह इस प्रदर्शन को नहीं दोहरा पाए।

भाषा

पंत सुधीर

सुधीर