व्यापार समझौता लागू होने के साथ ब्रिटेन के लिए निर्यात खेप रवाना

व्यापार समझौता लागू होने के साथ ब्रिटेन के लिए निर्यात खेप रवाना

व्यापार समझौता लागू होने के साथ ब्रिटेन के लिए निर्यात खेप रवाना
Modified Date: July 15, 2026 / 05:16 pm IST
Published Date: July 15, 2026 5:16 pm IST

हैदराबाद, 15 जुलाई (भाषा) भारत-ब्रिटेन मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के लागू होने के साथ बुधवार को तेलंगाना से ब्रिटेन के लिए निर्यात खेप रवाना की गईं।

इन निर्यात खेपों को निजामाबाद और हैदराबाद में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान हरी झंडी दिखाई गई। इस समझौते के लागू होने से भारतीय उत्पादों को अब ब्रिटेन के बाजार में शून्य शुल्क पर प्रवेश मिलेगा।

तेलंगाना के उद्योग एवं वाणिज्य विभाग में विशेष सचिव कृष्ण आदित्य ने यहां अंतर्देशीय कंटेनर डिपो पर खेपों को रवाना करते हुए कहा कि यह समझौता भारत-ब्रिटेन आर्थिक संबंधों में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर है और इससे भारतीय निर्यातकों को बेहतर बाजार पहुंच मिलेगी।

विदेश व्यापार महानिदेशालय (डीजीएफटी) के अतिरिक्त महानिदेशक संपत कुमार ने कहा कि सीईटीए के तहत विभिन्न उत्पादों को रियायती शुल्क का लाभ मिलेगा, जिससे भारतीय उत्पादों के लिए निर्यात अवसर बढ़ेंगे।

राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड की सचिव भवानी श्री ने कहा कि इस समझौते का लाभ सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) सहित सभी आकार के उद्योगों को मिलेगा। दवा, रसायन, इलेक्ट्रॉनिक्स और खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्रों में तेलंगाना की मजबूत स्थिति इस समझौते से लाभ उठाने में सहायक होगी।

ब्रिटिश उच्चायोग के व्यापार एवं निवेश प्रमुख सिद्धार्थ विश्वनाथन ने इसे एक ‘ऐतिहासिक समझौता’ बताते हुए कहा कि इससे बेहतर बाजार पहुंच, सरल सीमा शुल्क प्रक्रिया और दस्तावेजीकरण के जरिये द्विपक्षीय व्यापार और निवेश को बढ़ावा मिलेगा।

भाषा प्रेम प्रेम अजय

अजय


लेखक के बारे में