भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता महत्वपूर्ण उपलब्धि : उपराष्ट्रपति
भारत-ब्रिटेन व्यापार समझौता महत्वपूर्ण उपलब्धि : उपराष्ट्रपति
(फाइल फोटो के साथ)
नयी दिल्ली, 15 जुलाई (भाषा) उपराष्ट्रपति सी. पी. राधाकृष्णन ने भारत-ब्रिटेन व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौते (सीईटीए) के लागू होने का बुधवार को स्वागत करते हुए इसे दोनों देशों के बीच लंबे समय से जारी साझेदारी में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि करार दिया।
उन्होंने कहा कि यह ऐतिहासिक उपलब्धि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत की बढ़ती आर्थिक ताकत और वैश्विक भागीदारी को दर्शाती है।
भारत और ब्रिटेन के बीच मुक्त व्यापार समझौता बुधवार से लागू हो गया। इससे शुल्कों में कटौती की प्रक्रिया शुरू होगी और वस्तुओं व सेवाओं की दोनों देशों में आवाजाही बढ़ने से द्विपक्षीय व्यापार को गति मिलने की उम्मीद है।
सीईटीए पर पिछले वर्ष जुलाई में हस्ताक्षर किए गए थे।
इसके साथ ही बुधवार से सामाजिक सुरक्षा समझौता भी लागू हुआ।
राधाकृष्णन ने सोशल मीडिया मंच पर लिखा , ‘‘ये समझौते बाजार तक पहुंच का उल्लेखनीय विस्तार करेंगे, व्यापार और सेवा क्षेत्र को मजबूत बनाएंगे तथा पेशेवरों की अधिक आवाजाही को सुगम बनाएंगे। इससे हमारे कारोबार, उद्यमियों, किसानों, विनिर्माताओं, सूक्ष्म, लघु एवं मझोले उद्यमों (एमएसएमई) और कुशल कार्यबल के लिए नए अवसर सृजित होंगे।’’
उन्होंने कहा कि यह समझौता कपड़ा, चमड़ा, रत्न एवं आभूषण, इंजीनियरिंग उत्पाद, समुद्री उत्पाद, रसायन तथा प्रसंस्कृत खाद्य जैसे क्षेत्रों की अपार संभावनाओं को भी खोल देगा।
उपराष्ट्रपति ने कहा, ‘‘मुझे विश्वास है कि भारत-ब्रिटेन संबंधों का यह नया अध्याय साझा समृद्धि, नवोन्मेषण और सतत आर्थिक वृद्धि में योगदान देगा तथा हमारे दोनों देशों के बीच मित्रता के संबंधों को और मजबूत करेगा।’’
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


