नयी दिल्ली, 22 सितंबर (भाषा) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने मंगलवार को कहा कि जिला और राज्य स्तर पर मौजूदा तथा संभावित निर्यातकों की मदद के लिए करीब 1,000 लोगों को व्यापार से जुड़े विषयों पर क्षेत्रीय भाषाओं में प्रशिक्षण दिया जाएगा।
उन्होंने कारोबार सुगमता और मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) के अवसरों पर उद्योग जगत के प्रतिनिधियों के साथ बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि हर स्थान पर प्रत्येक विभाग के अलग-अलग कार्यालय स्थापित करने के बजाय प्रमुख शहरों में एकीकृत वाणिज्य एवं उद्योग कार्यालय बनाने की योजना है। इन कार्यालयों के जरिये कारोबारियों को कई विभागों और एजेंसियों तक पहुंच के लिए एक साझा केंद्र उपलब्ध कराया जाएगा।
वाणिज्य मंत्रालय ने बयान में कहा कि मंत्री ने जिला और राज्य स्तर पर निर्यातकों तथा संभावित निर्यातकों की सहायता के लिए क्षेत्रीय भाषाओं का ज्ञान रखने वाले करीब 1,000 प्रशिक्षित स्थानीय कर्मियों का नेटवर्क तैयार करने की घोषणा की है।
मंत्रालय ने कहा, ‘‘इन कर्मियों को प्रशिक्षण देने के बाद तैनात किया जाएगा, ताकि वे उद्योग मंडल और क्षेत्रीय संगठनों के माध्यम से कारोबारियों को मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध करा सकें।’’
भाषा
यासिर अजय
अजय