नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) वाहन कलपुर्जा विनिर्माता धूत ट्रांसमिशन, टेमासेक समर्थित शिपरॉकेट और मिल्की मिस्ट डेयरी फूड सहित पांच कंपनियां इस सप्ताह अपने आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) लाने जा रही हैं।
इन आईपीओ के जरिये कंपनियां कुल मिलाकर 7,400 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की योजना बना रही हैं।
रोगों की त्वरित जांच उपकरण बनाने वाली कंपनी मोलबायो डायग्नोस्टिक्स और धूत ट्रांसमिशन का आईपीओ 10 अगस्त को खुलेगा। इसके बाद 11 अगस्त को मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का आईपीओ खुलेगा।
ई-कॉमर्स कारोबार के लिए तकनीकी समाधान उपलब्ध कराने वाली कंपनी शिपरॉकेट और इंजीनियरिंग कास्टिंग तथा मिश्रधातु इस्पात उत्पाद बनाने वाली बिहारी लाल इंजीनियरिंग का आईपीओ 12 अगस्त को खुलेगा।
इन पांचों कंपनियों का लक्ष्य सार्वजनिक निर्गम के जरिये करीब 7,443 करोड़ रुपये जुटाना है। इससे अगले सप्ताह प्राथमिक बाजार में काफी गतिविधियां रहने की उम्मीद है।
आईपीओ से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल मुख्य रूप से कारोबार विस्तार, पूंजीगत व्यय, कर्ज चुकाने और अन्य कंपनी कामकाज के लिए किया जाएगा।
धूत ट्रांसमिशन ने 3,067 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 829-871 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है।
टेमासेक और मोतीलाल ओसवाल प्राइवेट इक्विटी समर्थित मोलबायो डायग्नोस्टिक्स ने 904-940 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 768-807 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इसमें 200 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और 91.66 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश की जाएगी।
मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का 1,553 करोड़ रुपये का आईपीओ 11 अगस्त को 133-140 रुपये प्रति शेयर के मूल्य दायरे पर खुलेगा। इसमें 1,428 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और 125 करोड़ रुपये तक की बिक्री पेशकश होगी।
शिपरॉकेट ने 1,617.5 करोड़ रुपये के आईपीओ के लिए 92-97 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इसमें 885.50 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे।
बिहारी लाल इंजीनियरिंग का 302 करोड़ रुपये का आईपीओ 12 अगस्त को खुलेगा। कंपनी ने 271-285 रुपये प्रति शेयर का मूल्य दायरा तय किया है। इसमें 93 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे और मौजूदा शेयरधारक 73.20 लाख शेयरों की बिक्री पेशकश लाएंगे।
भाषा योगेश अजय
अजय