सिरिल श्रॉफ, आईआईएम अहमदाबाद ने मुख्य कानूनी सलाहकारों के लिए बनाया नेतृत्व संस्थान

Ads

सिरिल श्रॉफ, आईआईएम अहमदाबाद ने मुख्य कानूनी सलाहकारों के लिए बनाया नेतृत्व संस्थान

  •  
  • Publish Date - August 9, 2026 / 02:15 PM IST,
    Updated On - August 9, 2026 / 02:15 PM IST

नयी दिल्ली, नौ अगस्त (भाषा) विधि फर्म सिरिल अमरचंद मंगलदास के प्रबंध निदेशक सिरिल श्रॉफ और भारतीय प्रबंध संस्थान (आईआईएम) अहमदाबाद ने मिलकर ‘सिरिल श्रॉफ-आईआईएमए जीसी लीडरशिप अकेडमी’ की स्थापना की है। इस पहल का मकसद कंपनियों की बढ़ती जटिल भूमिकाओं के लिए मुख्य कानूनी सलाहकारों (जनरल काउंसल्स) की नई पीढ़ी को तैयार करना है।

एक घोषणा के मुताबिक, इस संस्थान की शुरुआत श्रॉफ और उनके परिवार के निजी दान से हुई है।

यह कदम ऐसे समय में उठाया गया है, जब मुख्य कानूनी सलाहकारों की भूमिका सिर्फ कानूनी सलाह देने तक सीमित नहीं रह गई है। अब वे कंपनी की रणनीति, प्रबंधन, जोखिम नियंत्रण, प्रौद्योगिकी और कारोबार में बदलाव जैसे बड़े फैसलों में भी अहम भूमिका निभा रहे हैं।

श्रॉफ ने कहा, ‘‘मुख्य कानूनी सलाहकार का काम अब सिर्फ कानूनी राय देना नहीं, बल्कि संस्थान को दिशा देना बन गया है।’’ उन्होंने आगे कहा कि इस संस्थान का लक्ष्य एक ऐसा वैश्विक मंच बनाना है, जो भविष्य के कानूनी प्रमुखों को बेहतर समझ, क्षमता और स्पष्ट उद्देश्य के साथ तैयार कर सके।

आईआईएम अहमदाबाद के अनुसार, यह संस्थान संस्थागत नेतृत्व, वित्तीय समझ और प्रौद्योगिकी तैयारी जैसे अहम विषयों पर ध्यान देगा।

भाषा अजय पाण्डेय

अजय