अदला-बदली सुविधा के तहत 20.72 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा प्रवाह: आरबीआई

अदला-बदली सुविधा के तहत 20.72 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा प्रवाह: आरबीआई

अदला-बदली सुविधा के तहत 20.72 अरब डॉलर का विदेशी मुद्रा प्रवाह: आरबीआई
Modified Date: July 20, 2026 / 10:03 pm IST
Published Date: July 20, 2026 10:03 pm IST

मुंबई, 20 जुलाई (भाषा) भारतीय रिजर्व बैंक ने सोमवार को कहा कि विदेशी मुद्रा के प्रवाह को आकर्षित करने के लिए शुरू की गई उसकी रियायती अदला-बदली सुविधा के तहत 17 जुलाई तक 20.72 अरब डॉलर का निवेश आकर्षित किया गया है।

केंद्रीय बैंक ने बयान में कहा कि आठ जून, 2026 से इस अदला-बदली सुविधा में काफी दिलचस्पी देखी गई है और विदेशी मुद्रा का लगातार प्रवाह हुआ है।

विदेशी मुद्रा प्रवासी (बैंक) जमा (एफसीएनआर-बी) के जरिये बड़ी मात्रा में राशि जुटायी गयी है।

कुल प्रवाह में एफसीएनआर (बी) जमा का हिस्सा 17.41 अरब डॉलर था, जबकि विदेशी स्रोतों से विदेशी मुद्रा कर्ज (ओएफसीबी) का योगदान 1.97 अरब डॉलर और बाह्य वाणिज्यिक उधारी (ईसीबी) का योगदान 1.34 अरब डॉलर रहा।

केंद्रीय बैंक ने कहा, ‘‘आरबीआई ने भुगतान संतुलन को मजबूत करने और पूंजी प्रवाह को प्रोत्साहित करने के मकसद से कई उपाय घोषित किए थे। इनमें पांच जून, 2026 को नए एफसीएनआर-बी जमा, ओएफसीबी और ईसीबी प्रवाह के लिए रियायती अदला-बदली की सुविधा देना भी शामिल था।’’

आरबीआई ने भारत के भुगतान संतुलन को मजबूत करने और पूंजी प्रवाह को प्रोत्साहित करने के कई उपायों के तहत पांच जून, 2026 को यह अदला-बदली सुविधा पेश की थी।

यह सुविधा आठ जून, 2026 को परिचालन में आई और यह एफसीएनआर (बी) जमा के लिए 30 सितंबर, 2026 तक और ओएफसीबी तथा ईसीबी के लिए 31 दिसंबर, 2026 तक उपलब्ध है।

ये उपाय आरबीआई के उन प्रयासों का हिस्सा है जिनका मकसद वैश्विक बाजार की अनिश्चितताओं के बीच भारत की बाह्य क्षेत्र की स्थिति को मजबूत करना और विदेशी मुद्रा नकदी को समर्थन देना था।

कुछ अनुमानों के मुताबिक, इन योजनाओं से इस सुविधा के माध्यम से 70 अरब डॉलर तक का विदेशी मुद्रा प्रवाह हो सकता है, लेकिन कुछ लोगों ने इस पर संदेह भी जताया है।

हालांकि, बैंक शुरुआती प्रवाह उम्मीद से कम होने के बावजूद इस खास योजना के लिए आरबीआई की 30 सितंबर की समय-सीमा से पहले विदेशी मुद्रा प्रवासी (एफसीएनआर-बी) जमा में तेजी से बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं।

भाषा रमण अजय

अजय


लेखक के बारे में