एफएसएसएआई ने राज्यों से खाली पद जल्द भरने को कहा
एफएसएसएआई ने राज्यों से खाली पद जल्द भरने को कहा
नयी दिल्ली, आठ जून (भाषा) केंद्रीय खाद्य नियामक एफएसएसएआई ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों से खाद्य सुरक्षा ढांचे को मजबूत करने के लिए लंबित रिक्त पदों को जल्द-से-जल्द भरने को कहा है।
भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राजीव पुन्हानी ने राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों को निर्देश दिया कि वे खाद्य सुरक्षा अधिकारियों और नामित अधिकारियों की भर्ती प्रक्रिया में तेजी लाएं, ताकि जमीनी स्तर पर निगरानी और प्रवर्तन को मजबूत किया जा सके।
एक बयान के मुताबिक, नियामक की केंद्रीय सलाहकार समिति (सीएसी) की शिमला में आयोजित 50वीं बैठक में यह निर्देश दिया गया। बैठक में खाद्य सुरक्षा से जुड़े विभिन्न पहलुओं की समीक्षा की गई।
एफएसएसएआई प्रमुख ने कहा कि उपभोक्ताओं को सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराने के लिए मजबूत प्रवर्तन व्यवस्था आवश्यक है। उन्होंने राज्यों से निरीक्षण, नमूना संग्रह और निगरानी गतिविधियों को बढ़ाने पर जोर दिया।
बैठक में राज्यों के प्रदर्शन, निरीक्षण व्यवस्था, शिकायत निपटान, लाइसेंसिंग प्रक्रिया और खाद्य सुरक्षा से जुड़े अन्य मानकों की समीक्षा की गई।
इसके अलावा खराब या असुरक्षित खाने को बाजार से वापस लेने की व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने, भ्रामक विज्ञापनों पर नियंत्रण और पोषण पूरक उत्पादों के लेबलिंग मानकों को मजबूत करने पर भी चर्चा हुई।
भाषा राजेश राजेश प्रेम
प्रेम

Facebook


