महाराष्ट्र में ऊंचे दाम पर नेफेड की बिकवाली से सोयाबीन तिलहन में सुधार

महाराष्ट्र में ऊंचे दाम पर नेफेड की बिकवाली से सोयाबीन तिलहन में सुधार

महाराष्ट्र में ऊंचे दाम पर नेफेड की बिकवाली से सोयाबीन तिलहन में सुधार
Modified Date: July 25, 2026 / 08:30 pm IST
Published Date: July 25, 2026 8:30 pm IST

नयी दिल्ली, 25 जुलाई (भाषा) मंडियों में सोयाबीन की कम आवक के बीच महाराष्ट्र में सहकारी संस्था नेफेड द्वारा ऊंचे दाम पर प्लांट संचालकों को सोयाबीन की बिकवाली करने से देशभर की मंडियों में शनिवार को सोयाबीन तेल-तिलहन के दाम में सुधार दर्ज किया गया। बाजार सूत्रों ने कहा कि मजबूत मांग के चलते मूंगफली तेल-तिलहन की कीमतों में भी तेजी रही, जबकि गुजरात में ब्रांडेड कंपनियों की बढ़ती मांग के कारण बिनौला तेल में भी सुधार देखा गया। वहीं, ऊंचे भाव पर लिवाली प्रभावित रहने से सरसों तेल-तिलहन के दाम गिर गए। कमजोर कामकाज के बीच सोयाबीन तेल, कच्चा पामतेल (सीपीओ) एवं पामोलीन तेल के दाम स्थिर रहे। सूत्रों ने बताया कि बाजार में सोयाबीन की उपलब्धता सीमित है। जिन किसानों को पहले ऊंचे दाम मिल चुके हैं, वे कीमतों में कमी की स्थिति में आवक घटा देते हैं। शनिवार को मंडियों में सोयाबीन की आवक घटकर करीब 55 हजार बोरी रह गई। नेफेड ने महाराष्ट्र में प्लांट संचालकों को 7,521 रुपये प्रति क्विंटल के ऊंचे भाव पर सोयाबीन की बिक्री की, जिसमें मालभाड़ा अलग से जोड़ा जाएगा। सूत्रों ने कहा कि जो प्लांट संचालक नेफेड से ऊंचे दाम पर खरीद कर रहे हैं, वहीं किसानों से कम कीमत पर खरीदने की कोशिश करते हैं। उन्होंने बताया कि बिनौला तेल की औद्योगिक मांग ब्रांडेड कंपनियों की ओर से मजबूत बनी हुई है, जिससे इसके दाम में सुधार हुआ। वहीं अधिक मांग के कारण मूंगफली तेल की कीमतों में भी तेजी रही। एक्सपेलर से निकला मूंगफली तेल सीधे उपभोग में आता है, जबकि बिनौला तेल को प्रसंस्करण के बाद इस्तेमाल किया जाता है, जिससे मूंगफली तेल की मांग बढ़ रही है। इस बीच, ऊंचे भाव के कारण लिवाली कमजोर रहने से सरसों तेल-तिलहन के दाम में गिरावट दर्ज की गई। दूसरी ओर, कमजोर कारोबार के चलते सोयाबीन तेल, कच्चा पाम तेल (सीपीओ) और पामोलीन तेल के दाम स्थिर रहे। तेल-तिलहनों के भाव इस प्रकार रहे…

सरसों तिलहन – 8,150-8,175 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली – 7,375-7,950 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली तेल मिल डिलिवरी (गुजरात) – 17,100 रुपये प्रति क्विंटल। मूंगफली रिफाइंड तेल – 2,680-2,980 रुपये प्रति टिन। सरसों तेल दादरी- 16,625 रुपये प्रति क्विंटल। सरसों पक्की घानी- 2,705-2,805 रुपये प्रति टिन। सरसों कच्ची घानी- 2,705-2,855 रुपये प्रति टिन। सोयाबीन तेल मिल डिलिवरी दिल्ली- 15,750 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन मिल डिलिवरी इंदौर- 15,600 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन तेल डीगम, कांडला- 12,250 रुपये प्रति क्विंटल। सीपीओ एक्स-कांडला- 13,800 रुपये प्रति क्विंटल। बिनौला मिल डिलिवरी (हरियाणा)- 16,750 रुपये प्रति क्विंटल। पामोलिन आरबीडी, दिल्ली- 15,700 रुपये प्रति क्विंटल। पामोलिन एक्स- कांडला- 14,500 रुपये (बिना जीएसटी के) प्रति क्विंटल। सोयाबीन दाना – 7,450-7,500 रुपये प्रति क्विंटल। सोयाबीन लूज- 7,300-7,400 रुपये प्रति क्विंटल। भाषा राजेश राजेश प्रेमप्रेम


लेखक के बारे में