India vs West Indies T20 Match : भारत-वेस्टइंडीज T20 से पहले टिकट के नाम पर बड़ा खेल! सोशल मीडिया पर धड़ल्ले से वायरल हो रहे फर्जी पोस्ट, MPCA ने किया अलर्ट

Ads

इंदौर में 11 अक्टूबर को होने वाले भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबले से पहले सोशल मीडिया पर फर्जी टिकट बिक्री के पोस्ट और वीडियो वायरल हो रहे हैं। ₹800 से ₹7 हजार तक टिकट बेचने का दावा किया जा रहा है, जबकि आधिकारिक बिक्री अभी शुरू नहीं हुई है। MPCA ने क्रिकेट प्रेमियों को साइबर ठगी से सावधान रहने की अपील की है।

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 05:51 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 06:00 PM IST
HIGHLIGHTS
  • 800 से ₹7 हजार तक टिकट बेचने का दावा, सोशल मीडिया पर फर्जी पोस्ट और वीडियो वायरल।
  • आधिकारिक टिकट बिक्री अभी शुरू नहीं हुई, न ही कीमत और बिक्री की तारीख तय हुई है।
  • MPCA ने किया अलर्ट, अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचने की अपील।

इंदौर : India vs West Indies T20 Match : मध्य प्रदेश के इंदौर ज़िले में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले टी-20 मुकाबले को लेकर क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह है, लेकिन इसी उत्साह का फायदा उठाने के लिए साइबर ठग भी सक्रिय हो गए हैं। 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मुकाबला होना है। मैच के टिकटों की आधिकारिक बिक्री अभी शुरू नहीं हुई है, लेकिन सोशल मीडिया पर टिकट बिक्री के नाम पर फर्जी पोस्ट और वीडियो तेजी से वायरल हो रहे हैं। इन पोस्ट में टिकट की कीमत 800 रुपए से लेकर 7 हजार रुपए तक बताई जा रही है।

आधिकारिक कीमत और बिक्री की तारीख नहीं हुई है तय

दरअसल सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पोस्ट और वीडियो में दावा किया जा रहा है कि भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच के टिकट उपलब्ध हैं। अलग-अलग कैटेगरी के टिकटों की कीमत भी बताई जा रही है। क्रिकेट प्रेमियों को इन पोस्ट के जरिए टिकट खरीदने के लिए संपर्क करने या भुगतान करने का झांसा दिया जा रहा है। खास बात यह है कि अभी तक टिकट की आधिकारिक कीमत और बिक्री की तारीख तय नहीं हुई है। इसके बावजूद सोशल मीडिया पर टिकट बेचने का दावा किया जा रहा है।

भारतीय टीम और खिलाड़ियों को लेकर भी गलत जानकारी

ऐसे में इन पोस्ट के पीछे साइबर ठगी का बड़ा खतरा माना जा रहा है। फर्जीवाड़े का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कुछ पोस्ट में भारतीय टीम और खिलाड़ियों को लेकर भी गलत जानकारी साझा की गई है। वायरल पोस्ट में सूर्यकुमार यादव को भारतीय टीम का कप्तान बताया गया है। इससे साफ है कि ठग फर्जी जानकारी के जरिए लोगों का भरोसा जीतने की कोशिश कर रहे हैं।

MPCA ने क्रिकेट प्रेमियों को किया अलर्ट

मामला सामने आने के बाद मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन यानी MPCA ने क्रिकेट प्रेमियों को अलर्ट किया है। MPCA की ओर से साफ किया गया है कि टिकटों की बिक्री केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म के माध्यम से की जाएगी। टिकट बिक्री शुरू होने और आधिकारिक जानकारी जारी होने तक सोशल मीडिया पर वायरल किसी भी पोस्ट पर भरोसा नहीं करने की अपील की गई है। क्रिकेट प्रेमियों से कहा गया है कि वे किसी अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान न करें और सोशल मीडिया पर मिले संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें। यानी मैच का टिकट खरीदने की जल्दबाजी कहीं ठगी का शिकार न बना दे।

इन्हें भी पढ़ें:

 

 

भारत-वेस्टइंडीज का टी-20 मैच इंदौर में कब होगा?

भारत और वेस्टइंडीज के बीच टी-20 मुकाबला 11 अक्टूबर को इंदौर के होलकर स्टेडियम में होना है।

क्या भारत-वेस्टइंडीज मैच के टिकटों की बिक्री शुरू हो गई है?

नहीं। खबर के मुताबिक आधिकारिक टिकट बिक्री अभी शुरू नहीं हुई है और आधिकारिक कीमत व बिक्री की तारीख भी तय नहीं हुई है।

फर्जी टिकट से बचने के लिए क्या सावधानी बरतें?

सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट पर भरोसा न करें, अनजान व्यक्ति को ऑनलाइन भुगतान न करें और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें। टिकट केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही खरीदें।