आइजोल, दो सितंबर (भाषा) केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया ने मिजोरम में खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देने और खिलाड़ियों, विशेषकर मुक्केबाजों के सामने आने वाली बुनियादी ढांचे से जुड़ी समस्याओं के समाधान में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया है।
प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) इकाई ने बुधवार को एक बयान में यह जानकारी दी।
बयान के अनुसार मांडविया ने मंगलवार को नयी दिल्ली में प्रदेश भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष रॉबिन्सन माल्सावमटलुआंगा हमार और उपाध्यक्ष एच माल्सावमटलुआंगा के साथ बैठक के दौरान यह आश्वासन दिया।
हमार ने केंद्रीय मंत्री से मिजो युवाओं को खेलों में अधिक सहयोग और अवसर उपलब्ध कराने तथा सुविधाओं में सुधार की अपील की जिससे कि राज्य के अधिक खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा कर सकें।
बयान के मुताबिक हमार ने मांडविया को बताया कि मिजोरम में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और भारत की 2036 ओलंपिक खेलों की मेजबानी के प्रस्तावित दावे को देखते हुए राज्य में आधुनिक खेल बुनियादी ढांचे की जरूरत पर जोर दिया।
उन्होंने राज्य में मुक्केबाजी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए केंद्र से सहायता मांगी जिसमें एक बड़े और आधुनिक मुक्केबाजी हॉल का निर्माण भी शामिल है।
बयान में कहा गया कि मांडविया ने भाजपा नेताओं को आश्वासन दिया कि मिजोरम में खेलों को बढ़ावा देने और राज्य के युवा खिलाड़ियों को समर्थन देने के लिए हरसंभव सहायता दी जाएगी।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि वह मिजोरम मुक्केबाजी संघ की समस्याओं के समाधान के लिए भारतीय मुक्केबाजी संघ से तत्काल कदम उठाने को कहेंगे।
मांडविया ने कहा कि वह मिजो युवाओं में मौजूद खेल प्रतिभा से अवगत हैं और केंद्र पूर्वोत्तर, विशेषकर मिजोरम के युवाओं को समर्थन देने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाषा सुधीर नमिता
नमिता