शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 374 अंक और टूटा

Ads

शेयर बाजार में लगातार तीसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स 374 अंक और टूटा

  •  
  • Publish Date - September 2, 2026 / 04:42 PM IST,
    Updated On - September 2, 2026 / 04:42 PM IST

मुंबई, दो सितंबर (भाषा) घरेलू शेयर बाजार में बुधवार को लगातार तीसरे दिन गिरावट रही। वैश्विक शेयर बाजारों में नरम रुख और पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से कच्चे तेल की ऊंची कीमत के कारण मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स 374 अंक टूटा जबकि एनएसई निफ्टी 141 अंक के नुकसान में रहा।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 373.93 अंक यानी 0.49 प्रतिशत टूटकर 76,570.35 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 808.56 अंक की गिरावट के साथ 76,135.72 अंक पर आ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 141.35 अंक यानी 0.59 प्रतिशत फिसलकर 23,914.45 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स में शामिल कंपनियों में एशियन पेंट्स, एचडीएफसी बैंक, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स और इन्फोसिस में प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी ओर, लाभ में रहने वाले शेयरों में अदाणी पोर्ट्स, बजाज फिनसर्व, पावर ग्रिड, एनटीपीसी और टाइटन बढ़त में रहे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट कच्चा तेल 0.40 प्रतिशत बढ़कर 95.13 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन में शंघाई एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग गिरावट के साथ बंद हुए।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार भी मंगलवार को नुकसान में बंद हुए थे।

ऑनलाइन ट्रेडिंग कंपनी एनरिच मनी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) पोनमुडी आर ने कहा, ‘‘भारतीय शेयर बाजार में लगातार तीसरे कारोबारी सत्र में गिरावट वैश्विक स्तर पर व्यापक बिकवाली के अनुरूप है। अमेरिका और ईरान के बीच संघर्ष फिर से बढ़ने से ऊर्जा आपूर्ति को लेकर चिंता बढ़ी है। साथ ही हॉर्मुज जलडमरूमध्य को जल्द खोलने की उम्मीदों को झटका लगा है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों और वैश्विक बॉन्ड प्रतिफल में वृद्धि ने निवेशकों की जोखिम लेने की क्षमता को और कमजोर किया है।’’

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 1,143.38 करोड़ रुपये की शुद्ध लिवाली की थी।

इससे पहले, मंगलवार को सेंसेक्स 12.99 अंक की मामूली गिरावट के साथ 76,944.28 अंक पर और निफ्टी 24.60 अंक के नुकसान के साथ 24,055.80 अंक पर बंद हुआ था।

भाषा रमण अजय

अजय