(सागर कुलकर्णी)
वाशिंगटन, 19 मई (भाषा) अमेरिका के व्यापार प्रतिनिधि जेमीसन ग्रीर विस्कोंसिन के मिलवॉकी में 30 सितंबर से होने वाले जी20 व्यापार मंत्रियों के सम्मेलन की मेजबानी करेंगे। ग्रीर के कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अमेरिका ने इस दो-दिवसीय बैठक के लिए जबरन श्रम समाप्त करने, खाद्य व्यापार को हथियार की तरह इस्तेमाल किए जाने का विरोध करने, ‘सर्वाधिक तरजीही देश’ (एमएफएन) के सिद्धांत में सुधार और उत्पादन क्षमता में संरचनात्मक असंतुलन जैसे मुद्दों को एजेंडा में शामिल किया है।
ग्रीर ने एक बयान में इस सम्मेलन के आयोजन पर कहा, “डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन निष्पक्ष, पारस्परिक और संतुलित व्यापार व्यवस्था स्थापित करने के लिए जी20 साझेदारों के साथ काम करने को तत्पर है।”
अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि के कार्यालय ने जबरन श्रम और उत्पादन क्षमता से जुड़े मुद्दों को लेकर भारत एवं कई अन्य देशों के खिलाफ ‘धारा 301’ के तहत जांच भी शुरू की है।
ग्रीर ने कहा कि आगामी मंत्रिस्तरीय बैठक में सभी सूचीबद्ध मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जाएगी। इनमें जबरन श्रम, एमएफएन दर्जा देने के सिद्धांत में संशोधन, खाद्य व्यापार को हथियार बनाए जाने की प्रवृत्ति और उत्पादन क्षमता में संरचनात्मक असंतुलन जैसे मुद्दे शामिल हैं।
उन्होंने कहा, ‘‘राष्ट्रपति ट्रंप के शुल्क कार्यक्रम वैश्विक व्यापार को सक्रिय रूप से संतुलित कर रहे हैं और दशकों से चली आ रही गैर-बाजार नीतियों एवं प्रथाओं को पलटते हुए अमेरिकी कामगारों और व्यवसायों की रक्षा कर रहे हैं।’’
अमेरिकी राष्ट्रपति 14-15 दिसंबर को फ्लोरिडा के मियामी स्थित ट्रंप नेशनल डोरल में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेंगे।
भाषा प्रेम
प्रेम अजय
अजय