पेशावर, 14 जुलाई (भाषा) पाकिस्तान के उत्तर-पश्चिमी खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में भारी बारिश के दौरान एक कच्चे मकान की छत गिरने से महिलाओं और बच्चों समेत कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई तथा 12 अन्य घायल हो गए। बचाव अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि यह घटना सोमवार देर रात कोहाट जिले के मालागिन गांव में हुई।
पाकिस्तान की आपात सेवा ‘रेस्क्यू 1122’ का कहना है कि घर में परिवार के लोग जमा हुए थे, तभी छत गिर गयी और कई लोग मलबे के नीचे दब गए।
अधिकारियों के मुताबिक बचाव दलों ने अभियान शुरू किया तथा मलबे से हताहतों को निकाला एवं घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद नजदीकी अस्पतालों में पहुंचाया।
अधिकारियों ने बताया कि घायलों में कई महिलाएं और बच्चे हैं।
खैबर पख्तूनख्वा के सूचना मंत्री शफी जान ने इस घटना पर दुख जताया और पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की।
भाषा
राजकुमार नरेश
नरेश