गैब्रियल इंडिया 3,165 करोड़ रुपये के दो सौदों को अंजाम देने में जुटी
गैब्रियल इंडिया 3,165 करोड़ रुपये के दो सौदों को अंजाम देने में जुटी
नयी दिल्ली, 22 जुलाई (भाषा) वाहन कलपुर्जा बनाने वाली कंपनी गैब्रियल इंडिया लिमिटेड ने 3,165 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के दो सौदों को अंजाम देने की प्रक्रिया शुरू की है। इनमें दक्षिण कोरिया की एचएल मांडो कॉरपोरेशन के साथ संयुक्त उद्यम में प्रवर्तक हिस्सेदारी खरीदना शामिल है।
कंपनी ने बुधवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि वह अपनी प्रवर्तक कंपनी एशिया इन्वेस्टमेंट्स प्राइवेट लिमिटेड (एआईपीएल) से एचएल मांडो आनंद इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एचएमएआई) में 28.99 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,231 करोड़ रुपये में खरीदेगी। इसमें 350 करोड़ रुपये नकद और शेष राशि तरजीही आधार पर इक्विटी शेयर जारी कर चुकाई जाएगी।
इस लेनदेन के तहत कंपनी एआईपीएल को 1,305.89 रुपये प्रति शेयर के भाव पर 1.44 करोड़ इक्विटी शेयर जारी करेगी, जिसकी कुल कीमत 1,881.03 करोड़ रुपये होगी। इस सौदे के बाद गैब्रियल इंडिया में एआईपीएल की हिस्सेदारी 42.67 प्रतिशत से बढ़कर करीब 46.98 प्रतिशत हो जाएगी।
एचएमएआई में एचएल मांडो कॉरपोरेशन की 71.01 प्रतिशत और एआईपीएल की 28.99 प्रतिशत हिस्सेदारी है। यह कंपनी इलेक्ट्रिक पावर स्टीयरिंग सिस्टम, शॉक अब्जॉर्बर और ड्राइवर असिस्ट सिस्टम जैसे उत्पाद बनाती है।
दूसरे सौदे में गैब्रियल इंडिया 935 करोड़ रुपये में एचएल क्लेमोव इंडिया में 30 प्रतिशत हिस्सेदारी से एक शेयर कम खरीदेगी। यह कंपनी स्वायत्त ड्राइविंग समाधान प्रदान करती है।
गैब्रियल इंडिया की कार्यकारी चेयरपर्सन अंजलि सिंह ने कहा, ‘‘ये निवेश गैब्रियल इंडिया के विकास में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हैं और इससे कंपनी एक अधिक एकीकृत एवं भविष्य के लिए तैयार वाहन कंपनी के रूप में उभरेगी।’’
उन्होंने कहा कि इन सौदों से कंपनी की वाहन मूल्य शृंखला में क्षमता एवं प्रतिस्पर्धा बढ़ेगी और दीर्घकालिक विकास के लिए मजबूत आधार तैयार होगा।
भाषा प्रेम प्रेम अजय
अजय

Facebook


