नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की सोमवार को समीक्षा की। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई।
बयान के अनुसार, नयी दिल्ली में हुई इस समीक्षा बैठक में नागपुर–भंडारा खंड के छह लेन विस्तार, तलोदा–बुरहानपुर खंड के चार लेन निर्माण, दुर्ग–गढ़चिरौली–मंचेरियल गलियारा, गढ़चिरौली–कांकेर (रायपुर–विशाखापत्तनम) गलियारा तथा ग्वालियर–नागपुर गलियारा सहित कई प्रमुख परियोजनाओं पर चर्चा की गई।
इसमें कहा गया कि बैठक में महाराष्ट्र में राष्ट्रीय राजमार्गों पर कुल 527 किलोमीटर लंबाई की नौ राज्य की बीओटी (बनाओ-चलाओ और सौंप दो) परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
बयान के मुताबिक, बैठक में परियोजनाओं के त्वरित नियोजन और क्रियान्वयन पर जोर दिया गया ताकि क्षेत्र में सड़क संपर्क को मजबूत किया जा सके और आर्थिक विकास को गति मिल सके।
भाषा
योगेश रमण
रमण