गेल का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 77 प्रतिशत बढ़कर 3,183 करोड़ रुपये पर

Ads

गेल का शुद्ध लाभ पहली तिमाही में 77 प्रतिशत बढ़कर 3,183 करोड़ रुपये पर

  •  
  • Publish Date - July 30, 2024 / 08:05 PM IST,
    Updated On - July 30, 2024 / 08:05 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जुलाई (भाषा) सार्वजनिक क्षेत्र की गेल (इंडिया) लि. का एकीकृत शुद्ध लाभ चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-जून तिमाही में 77.5 प्रतिशत बढ़कर 3,183.35 करोड़ रुपये रहा है। मुख्य रूप से गैस विपणन कारोबार दोगुना होने के साथ कंपनी का लाभ बढ़ा है।

देश की सबसे बड़ी गैस परिवहन और वितरण कंपनी ने मंगलवार को शेयर बाजार को दी सूचना में कहा कि एक साल पहले 2023-24 की इसी तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 1,792.99 करोड़ रुपये था।

आलोच्य तिमाही में गैस परिवहन कारोबार से कमाई 40 प्रतिशत बढ़ गई, जबकि प्राकृतिक गैस विपणन मार्जिन दोगुना हुआ है।

कंपनी की परिचालन आय चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में बढ़कर 33,692 करोड़ रुपये रही जो एक साल पहले इसी तिमाही में 32,227 करोड़ रुपये थी।

बाद में गेल के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक संदीप कुमार गुप्ता के हवाले से कंपनी ने बयान में कहा गेल ने चालू तिमाही के दौरान लगभग 1,659 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया है। मुख्य रूप से पाइपलाइन, पेट्रो रसायन और संयुक्त उद्यमों की इक्विटी में ये निवेश किया गया। यह चालू वित्त वर्ष में 8,044 करोड़ रुपये के पूंजीगत व्यय लक्ष्य का करीब 21 प्रतिशत है।

भाषा रमण अजय

अजय