गौड़ समूह ने आवासीय परियोजनाओं में लक्जरी किचन के लिए जर्मनी की कंपनी सीफॉर्म से किया समझौता
गौड़ समूह ने आवासीय परियोजनाओं में लक्जरी किचन के लिए जर्मनी की कंपनी सीफॉर्म से किया समझौता
नयी दिल्ली, 27 अगस्त (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गौड़ समूह ने बृहस्पतिवार को प्रीमियम मॉड्यूलर किचन और वार्डरोब समाधान उपलब्ध कराने वाली जर्मनी की कंपनी सीफॉर्म के साथ 150 करोड़ रुपये की रणनीतिक साझेदारी की घोषणा की।
कंपनी के अनुसार, पांच साल की इस साझेदारी के तहत गौड़ समूह की निर्माणाधीन और आगामी आवासीय परियोजनाओं में 10,000 से अधिक किचन में सीफॉर्म के उत्पाद लगाए जाएंगे।
समझौते पर गौड़ समूह के निदेशक विशेष गौड़ और सीफॉर्म जर्मनी के प्रबंध निदेशक क्लॉस वार्टलिक ने हस्ताक्षर किये।
इस मौके पर गौड़ समूह के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मनोज गौड़ समेत दोनों कंपनियों के अन्य अधिकारी मौजूद थे।
मनोज गौड़ ने संवाददाताओं से कहा कि यह साझेदारी गौड़ समूह की ‘ट्रेसेंटो रेजिडेंसेज’ परियोजना में सफल सहयोग के बाद बढ़ाई गई है। इस परियोजना में सीफॉर्म ने किचन और वार्डरोब उत्पाद उपलब्ध कराए थे।
अब इस साझेदारी को गौड़ समूह की मौजूदा और आगामी परियोजनाओं तक बढ़ाया गया है। मौजूदा परियोजनाओं में द आइलैंड बाय गौड़, लेगेसी बाय गौड़, गौड़ एनवाईसी रेजिडेंसेज, गौड़ क्रिसालिस और गौड़ एलारिस शामिल हैं।
विशेष गौड़ ने कहा, ‘‘कंपनी की हर परियोजना में वास्तुकला और सुविधाओं के साथ-साथ उन रोजमर्रा के स्थानों की गुणवत्ता पर भी ध्यान दिया जाता है।… ट्रेसेंटो रेजिडेंसेज में सीफॉर्म के साथ साझेदारी से किचन और वार्डरोब में गुणवत्ता तथा लक्जरी के स्तर में सुधार को देखते हुए इसे समूह की विभिन्न परियोजनाओं के लिए विस्तार देने का फैसला किया गया।’’
वार्टलिक ने कहा, ‘‘जर्मन इंजीनियरिंग, सटीक विनिर्माण और सोच-समझकर तैयार किए गए डिजाइन से आवासीय परियोजनाओं को बेहतर बनाया जा सकता है। 10,000 से अधिक किचन तक साझेदारी का विस्तार दोनों कंपनियों के बीच बढ़े भरोसे को दर्शाता है।’’
एक सवाल के जवाब में वार्टलिक ने कहा कि सीफॉर्म भारत में विनिर्माण संयंत्र लगाने पर विचार कर रही है। हालांकि, उन्होंने इस बारे में और कोई जानकारी नहीं दी।
प्रीमियम किचन और वार्डरोब के क्षेत्र में विशेषज्ञता रखने वाली यूरोपीय कंपनी के दिल्ली, मुंबई और पुणे समेत अन्य शहरों में स्टोर हैं।
मनोज गौड़ ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कंपनी की बिक्री आय बीते वित्त वर्ष में 550 करोड़ रुपये रही और इस साल यह कुछ अधिक रहने की उम्मीद है।
गौड़ समूह ने अबतक 10 करोड़ वर्ग फुट से अधिक क्षेत्र का विकास किया है और तीन एकीकृत टाउनशिप समेत विभिन्न परियोजनाओं में 75,000 से अधिक घरों का निर्माण किया है। वर्तमान में समूह की परियोजनाओं में राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में लक्जरी आवासीय परियोजनाओं के साथ वाणिज्यिक परिसंपत्तियां और खुदरा केंद्र शामिल हैं।
भाषा रमण प्रेम अजय
अजय

Facebook


