नयी दिल्ली, 20 अगस्त (भाषा) गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के दूसरे दिन बृहस्पतिवार को 2.43 गुना अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 550 करोड़ रुपये के आईपीओ के तहत 2,53,28,946 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 6,16,66,998 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
गैर-संस्थागत निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 3.93 गुना अभिदान मिला, जबकि खुदरा निवेशकों के हिस्से को 3.13 गुना और पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी को 10 प्रतिशत अभिदान मिला।
गाजा कैपिटल ब्रांड के तहत काम करने वाली गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 165 करोड़ रुपये जुटाए।
कंपनी का आईपीओ 21 अगस्त को बंद होगा।
आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 152-160 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 2,256 करोड़ रुपये बैठता है।
सार्वजनिक निर्गम में 450 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे जबकि 100 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) होगी।
नए शेयरों की बिक्री से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, नए कोष शुरू करने और सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा।
गाजा कैपिटल की स्थापना वर्ष 2004 में हुई थी। यह प्रमुख निजी इक्विटी और वैकल्पिक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनी है, जो उद्यमियों को विकास पूंजी उपलब्ध कराने पर केंद्रित है। कंपनी ने शिक्षा, उपभोक्ता और वित्तीय सेवाओं समेत विभिन्न क्षेत्रों में निवेश किया है।
कंपनी का शेयर 26 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा यासिर अजय
अजय