लातूर (महाराष्ट्र), 20 अगस्त (भाषा) कॉकरोच जनता पार्टी (कॉजपा) के नेता अभिजीत दीपके ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि लातूर जिले के औसा स्थित जिला परिषद (जिप) स्कूल के दौरे के दौरान कक्षाओं में फर्जी छात्र बैठे मिले और स्कूल परिसर में शराब की बोतलें भी मिलीं।
दीपके अपनी पार्टी के ‘स्कूल ठीक करो’ अभियान के तहत जिला परिषद प्राथमिक स्कूल पहुंचे थे।
उन्होंने मांग की कि क्षेत्र के स्कूलों की खराब स्थिति के लिए जिम्मेदार प्रखंड शिक्षा अधिकारियों को आठ दिन के भीतर निलंबित किया जाए। उन्होंने आरोप लगाया कि ये अधिकारी आधिकारिक दौरों का बहाना बनाकर उपलब्ध नहीं रहते हैं।
दीपके ने संवाददाताओं से कहा कि मुंबई से 500 किलोमीटर से अधिक दूर स्थित औसा के जिला परिषद स्कूल में पीने के पानी की सुविधा नहीं थी और उनके पहुंचने से कुछ समय पहले ही स्कूल के शौचालयों की सफाई कराई गई थी।
उन्होंने दावा किया कि स्कूल परिसर की सफाई भी उनके दौरे से एक दिन पहले ही की गई थी। उन्होंने कहा कि दौरे के दौरान खींची गई तस्वीरों से संकेत मिलता है कि स्कूल परिसर में अवैध गतिविधियां चल रही थीं, जहां शराब की बोतलें भी मिलीं।
कॉजपा नेता ने आरोप लगाया कि कक्षाओं में बैठे कुछ छात्रों के नाम स्कूल की पंजी में दर्ज नहीं थे।
भाषा
शुभम नरेश
नरेश