गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के आईपीओ को पहले दिन मिला 86 प्रतिशत अभिदान
गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट के आईपीओ को पहले दिन मिला 86 प्रतिशत अभिदान
नयी दिल्ली, 19 अगस्त (भाषा) गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट लिमिटेड के आरंभिक सार्वजनिक निर्गम (आईपीओ) को बोली के पहले दिन बुधवार को 86 प्रतिशत अभिदान मिला।
एनएसई के आंकड़ों के अनुसार, 2,53,28,946 शेयरों की पेशकश के मुकाबले 2,16,60,258 शेयरों के लिए बोलियां प्राप्त हुईं।
खुदरा निवेशकों के लिए आरक्षित हिस्से को 1.20 गुना अभिदान मिला, जबकि गैर-संस्थागत निवेशकों का हिस्से को 1.06 गुना बोलियां मिलीं। पात्र संस्थागत खरीदारों (क्यूआईबी) की श्रेणी में नौ प्रतिशत अभिदान मिला।
गाजा कैपिटल ब्रांड के तहत काम करने वाली गाजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट ने मंगलवार को एंकर निवेशकों से 165 करोड़ जुटाए।
कंपनी का 550 करोड़ रुपये का आईपीओ 21 अगस्त को बंद होगा। आईपीओ के लिए मूल्य दायरा 152-160 रुपये प्रति इक्विटी शेयर तय किया गया है।
मूल्य दायरे के ऊपरी स्तर पर कंपनी का बाजार पूंजीकरण करीब 2,256 करोड़ रुपये बैठता है।
सार्वजनिक निर्गम में 450 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी किए जाएंगे जबकि 100 करोड़ रुपये तक के शेयरों की बिक्री पेशकश (ओएफएस) होगी।
नए शेयर की बिक्री से जुटाई गई राशि का इस्तेमाल कर्ज चुकाने, नए कोष शुरू करने और सामान्य कामकाज के लिए किया जाएगा।
गाजा कैपिटल की स्थापना वर्ष 2004 में हुई। यह प्रमुख निजी इक्विटी और वैकल्पिक परिसंपत्ति प्रबंधन कंपनियों में से एक है, जो उद्यमियों को वृद्धि के लिए पूंजी उपलब्ध कराती है।
कंपनी का शेयर 26 अगस्त को बीएसई और एनएसई पर सूचीबद्ध करने का प्रस्ताव है।
भाषा
यासिर अजय
अजय

Facebook


