मई में रत्न एवं आभूषण निर्यात 2.49 प्रतिशत घटकर 204.79 करोड़ डॉलर पर आया

Ads

मई में रत्न एवं आभूषण निर्यात 2.49 प्रतिशत घटकर 204.79 करोड़ डॉलर पर आया

  •  
  • Publish Date - June 16, 2026 / 09:37 PM IST,
    Updated On - June 16, 2026 / 09:37 PM IST

मुंबई, 16 जून (भाषा) रत्न एवं आभूषण निर्यात संवर्धन परिषद (जीजेईपीसी) ने कहा है कि सोने की ऊंची कीमतों और आपूर्ति में दिक्कतों के कारण मई में भारत का रत्न एवं आभूषण निर्यात सालाना आधार पर 2.49 प्रतिशत घटकर 204.79 करोड़ डॉलर (19,573.96 करोड़ रुपये) रह गया।

जीजेईपीसी के आंकड़ों के अनुसार, पिछले साल इसी अवधि में निर्यात 210 करोड़ 2.1 लाख डॉलर (17,896.16 करोड़ रुपये) था।

सोने के आभूषणों का कुल निर्यात मई में 14.75 प्रतिशत घटकर 75 करोड़ 84.4 लाख डॉलर (7,247.76 करोड़ रुपये) रह गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 88 करोड़ 96.3 लाख डॉलर (7,582.07 करोड़ रुपये) था।

जीजेईपीसी ने बयान में कहा कि इस गिरावट की मुख्य वजह सादे सोने के आभूषण के निर्यात में भारी कमी थी, जो मई में 14.75 प्रतिशत घटकर 75 करोड़ 84.4 लाख डॉलर का रह गया।

इस बीच, तराशे और पॉलिश किए गए हीरों का निर्यात मई में 3.31 प्रतिशत बढ़कर 98 करोड़ 7.3 लाख डॉलर (9,378.53 करोड़ रुपये) हो गया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह 94 करोड़ 93 लाख डॉलर (8,086.48 करोड़ रुपये) था।

मई में पॉलिश किए गए प्रयोगशाला में विकसित हीरों के निर्यात में 25.99 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई और यह 10 करोड़ 15 लाख डॉलर (970.27 करोड़ रुपये) हो गया, जबकि वर्ष 2025 के इसी महीने में यह आठ करोड़ 5.6 लाख डॉलर (686.84 करोड़ रुपये) था।

चांदी के गहनों का निर्यात मई में 14.73 प्रतिशत बढ़कर नौ करोड़ 73.9 लाख डॉलर (928.02 करोड़ रुपये) हो गया, जबकि पिछले साल इसी महीने में यह आठ करोड़ 48.8 लाख डॉलर (724.78 करोड़ रुपये) था।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय