जीआईसी की बिक्री पेशकश को 3.72 गुना अभिदान
जीआईसी की बिक्री पेशकश को 3.72 गुना अभिदान
नयी दिल्ली, 16 जून (भाषा) सरकार की ओर से जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया (जीआईसी) में पांच प्रतिशत तक की हिस्सेदारी बिक्री पेशकश को मंगलवार को 3.72 गुना से अधिक अभिदान मिला। इसमें संस्थागत निवेशकों ने 4,000 करोड़ रुपये से अधिक की बोली लगाई।
बीएसई के आंकड़ों के अनुसार, गैर-खुदरा निवेशकों ने 11.73 करोड़ जीआईसी शेयरों के लिए बोली लगाई, जो 3.16 करोड़ शेयर के निर्गम का 3.72 गुना है।
इसके 352.92 रुपये के सांकेतिक मूल्य पर इन बोलियों का कुल मूल्य लगभग 4,000 करोड़ रुपये है।
न्यूनतम मूल्य सोमवार के बंद भाव से 9.36 प्रतिशत कम था। जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया का शेयर मंगलवार को बीएसई पर 7.65 प्रतिशत टूटकर 358.65 रुपये पर बंद हुआ था।
खुदरा निवेशक बुधवार को बिक्री पेशकश (ओएफएस) में बोली लगा सकेंगे।
दो दिवसीय बिक्री पेशकश के तहत सरकार 352 रुपये प्रति शेयर के न्यूनतम मूल्य पर जीआईसी में दो प्रतिशत हिस्सेदारी बेच रही है। इसमें तीन प्रतिशत का ग्रीन-शू विकल्प भी शामिल है। इससे कुल हिस्सेदारी बिक्री पांच प्रतिशत हो जाएगी, जो 8.77 करोड़ से अधिक शेयर के बराबर है।
सरकार इस बिक्री से लगभग 3,000 करोड़ रुपये जुटाने की उम्मीद कर रही है। ग्रीन-शू विकल्प का इस्तेमाल किए जाने की भी संभावना है।
सरकार ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 में सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनियों में हिस्सेदारी बेचकर अब तक 13,389 करोड़ रुपये जुटाए हैं। इसमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया से 2,266 करोड़ रुपये और एनएलसी इंडिया से 1,223 करोड़ रुपये शामिल हैं।
सरकार का लक्ष्य चालू वित्त वर्ष में 80,000 करोड़ रुपये की हिस्सेदारी बिक्री और परिसंपत्ति मौद्रीकरण का है।
भाषा निहारिका अजय
अजय

Facebook


