पणजी, 27 अगस्त (भाषा) गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने राज्य के उद्यमिता परिवेश में आर्थिक विकास निगम (ईडीसी) की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 में इसने करीब 128 करोड़ रुपये का राजस्व और 69 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज किया है।
सरकार द्वारा संचालित ईडीसी गोवा में उद्यमिता एवं रोजगार को बढ़ावा देने के लिए काम करता है।
सावंत ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर ईडीसी लिमिटेड की 409वीं बोर्ड बैठक की अध्यक्षता करने की बुधवार रात जानकारी दी। इस बैठक में ‘टर्म लोन’ को मंजूरी देने सहित कई नीतिगत और वित्तीय फैसले लिए गए।
उन्होंने लिखा, ‘‘ निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2025-26 में निगम के करीब 128 करोड़ रुपये का राजस्व और लगभग 69 करोड़ रुपये का लाभ दर्ज करने के एकीकृत वित्तीय परिणामों को मंजूरी दी। ’’
मुख्यमंत्री ने गोवा के उद्यमिता परिवेश में निरंतर योगदान के लिए ईडीसी के दल एवं अधिकारियों के प्रयासों की सराहना भी की।
बैठक में ‘मुख्यमंत्री संशोधित ब्याज छूट योजना’ की भी समीक्षा की गई।
भाषा निहारिका
निहारिका