गोदरेज प्रॉपर्टीज ने चेन्नई में 47 एकड़ जमीन खरीदी, 500 करोड़ रुपये के राजस्व का अनुमान

Ads

गोदरेज प्रॉपर्टीज ने चेन्नई में 47 एकड़ जमीन खरीदी, 500 करोड़ रुपये के राजस्व का अनुमान

  •  
  • Publish Date - June 30, 2026 / 12:14 PM IST,
    Updated On - June 30, 2026 / 12:14 PM IST

नयी दिल्ली, 30 जून (भाषा) रियल एस्टेट कंपनी गोदरेज प्रॉपर्टीज ने चेन्नई में 47 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया है, जहां वह आवासीय भूखंड विकसित करेगी। कंपनी को इस परियोजना से 500 करोड़ रुपये के राजस्व की उम्मीद है।

कंपनी ने शेयर बाजार को मंगलवार को दी सूचना में बताया कि उसने दक्षिण चेन्नई में 47 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया है। इस भूमि पर मुख्य रूप से आवासीय भूखंड (प्लॉट) विकसित किए जाएंगे।

इसमें कहा गया कि इस परियोजना का कुल विकास क्षेत्र 12 लाख वर्ग फुट होगा और इससे लगभग 500 करोड़ रुपये का राजस्व मिलने का अनुमान है। हालांकि, कंपनी ने इस सौदे के मूल्य का खुलासा नहीं किया है।

गोदरेज प्रॉपर्टीज के प्रबंध निदेशक (एमडी) एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) गौरव पांडेय ने कहा कि दक्षिण चेन्नई में आवासीय मांग तेजी से बढ़ रही है। खरीदार अब बेहतर नियोजित और भविष्य की जरूरतों के अनुरूप विकसित आवासीय परियोजनाओं को प्राथमिकता दे रहे हैं, जो बेहतर जीवन स्तर एवं दीर्घकालिक मूल्य प्रदान करती हैं।

उन्होंने कहा कि बुनियादी ढांचे में सुधार और अंतिम उपयोगकर्ताओं की बढ़ती रुचि के कारण यह इलाका क्षेत्र के सबसे संभावनाशील आवासीय बाजारों में से एक बनकर उभरा है।

पांडेय ने कहा कि इस अधिग्रहण से चेन्नई के रियल एस्टेट बाजार में कंपनी की मौजूदगी और मजबूत होगी।

गोदरेज प्रॉपर्टीज देश की प्रमुख रियल एस्टेट कंपनियों में से एक है।

भाषा निहारिका

निहारिका