मेरठ (उप्र), पांच सितंबर (भाषा) उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में बिजली के तार और उपकरण चोरी करने वाले गिरोह के एक सदस्य को पुलिस से हुई मुठभेड़ के दौरान गोली लग गई, जिसके बाद उसे और तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी।
पुलिस ने बताया कि इस मामले में तीन नाबालिगों को भी हिरासत में लिया गया है।
क्षेत्राधिकारी (सदर देहात) सुधीर सिंह ने बताया कि भावनपुर क्षेत्र में बिजली के तार और उपकरण चोरी की दो घटनाओं के संबंध में मामले दर्ज किए गए थे।
उन्होंने कहा कि इनमें एक घटना में ‘एल्टीनेटर’ से तांबा चोरी किया गया था, जबकि दूसरी घटना में तांबे के तार चोरी करने के बाद सीसीटीवी कैमरे को नुकसान पहुंचाया गया था।
सिंह ने बताया कि 4-5 सितंबर की रात पुलिस को सूचना मिली कि चोरी की घटनाओं में शामिल कुछ आरोपी एक और वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं।
उन्होंने बताया कि सूचना के आधार पर भावनपुर पुलिस और स्वाट टीम ने औरंगाबाद और किनानगर के बीच निर्माणाधीन राजमार्ग के पास वाहनों की जांच शुरू की।
सिंह ने बताया कि जांच के दौरान मोटरसाइकिल सवार तीन संदिग्ध दिखाई दिए, रुकने का इशारा करने पर उन्होंने कथित रूप से पुलिस टीम पर गोली चला दी।
उन्होंने कहा कि जवाबी कार्रवाई में आमिर उर्फ गोल्डन के पैर में गोली लग गई।
सिंह ने बताया कि मौके से एक अन्य व्यक्ति नाजिम को भी गिरफ्तार कर लिया गया और एक नाबालिग को हिरासत में लिया गया।
उन्होंने बताया कि मौके से फरार आरोपियों की तलाश के लिए अभियान चलाकर समीर और फैजान को गिरफ्तार किया गया तथा दो अन्य नाबालिगों को हिरासत में लिया गया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आमिर उर्फ गोल्डन, नाजिम, समीर और फैजान के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, आरोपियों के पास से तीन देसी तमंचे, 10,500 रुपये नकद, एक मोटरसाइकिल और बिजली के तार काटने में इस्तेमाल किए जाने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं।
भाषा सं जफर जोहेब
जोहेब