सोने में गिरावट जारी, 1,500 रुपये और टूटा

सोने में गिरावट जारी, 1,500 रुपये और टूटा

सोने में गिरावट जारी, 1,500 रुपये और टूटा
Modified Date: August 31, 2026 / 06:18 pm IST
Published Date: August 31, 2026 6:18 pm IST

नयी दिल्ली, 31 अगस्त (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोने की कीमतों में लगातार चौथे दिन गिरावट आई। वैश्विक स्तर पर कमजोर संकेतों के कारण कारोबारियों की धारणा पर असर पड़ा और पीली धातु की कीमतें 1,500 रुपये टूटकर 1,60,900 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गईं।

शुक्रवार को 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,62,400 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुई थी।

कारोबारियों का कहना है कि घरेलू सोने की कीमतों में गिरावट हाल के सप्ताहों में सोने की कीमतों में आई तेजी के बाद लगातार हो रही मुनाफासूली को भी दिखाती है। कारोबारी अपने जमा सौदों को कम कर रहे हैं क्योंकि सोना अपनी पिछली तेजी को बनाए रखने में नाकाम रहा।

हालांकि, स्थानीय कारोबारियों के अनुसार, चांदी की कीमत 2,45,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) पर स्थिर रही।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध प्रमुख गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘जैक्सन होल संगोष्ठी में फेडरल रिजर्व के चेयरमैन केविन वॉर्श के सख्त रुख वाले भाषण के बाद सोने की कीमतें दबाव में रहीं। इस भाषण से सितंबर की बैठक में ब्याज दरें बढ़ने की संभावना बढ़ गई।’’

उन्होंने कहा कि अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में बढ़ोतरी और डॉलर के मजबूत होने से भी कीमती धातुओं पर दबाव पड़ा और हालिया गिरावट का दौर जारी रहा।

वैश्विक स्तर पर, हाजिर सोना मामूली गिरावट के साथ 4,448.56 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा था। हालांकि, चांदी में लगभग एक प्रतिशत की बढ़त हुई और यह 66.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।

सर्राफा बाजार पर अमेरिका और ईरान के बीच नए सैन्य हमलों के बाद तेल की बढ़ती कीमतों का भी असर पड़ा। ऊर्जा की ऊंची कीमतों से महंगाई की चिंताएं बढ़ गई और सख्त मौद्रिक नीति की संभावना मजबूत हो गई।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘अमेरिका और ईरान के बीच हमलों के बाद हाजिर सोना कम कीमत पर कारोबार कर रहा है और 4,440 डॉलर प्रति औंस के आसपास बना हुआ है। नए हमलों से तेल की कीमतें बढ़ गईं, जिससे ब्याज दरें बढ़ने की संभावना बढ़ गई है।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में