सोना 1,100 फिसला, चांदी 600 रुपये टूटी

Ads

सोना 1,100 फिसला, चांदी 600 रुपये टूटी

  •  
  • Publish Date - March 6, 2026 / 06:55 PM IST,
    Updated On - March 6, 2026 / 06:55 PM IST

नयी दिल्ली, छह मार्च (भाषा) कारोबारियों द्वारा लगातार दूसरे सत्र में ऊंचे स्तर पर मुनाफावसूली किये जाने से राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में शुक्रवार को सोने की कीमत 1,100 रुपये घटकर 1.64 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गई, जबकि चांदी भी फिसलकर 2.71 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 1,100 रुपये या लगभग एक प्रतिशत घटकर 1,64,100 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गई।

सर्राफा बाजार में चांदी भी 600 रुपये टूटकर 2,71,700 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर सहित) रह गई।

विश्लेषकों ने कहा कि हाल ही में कीमती धातु की कीमतों में तेज उछाल के बाद व्यापारियों ने मुनाफावसूली की, भले ही वैश्विक रुझान मिश्रित रहे।

हालांकि, अंतरराष्ट्रीय बाजारों में, नए सिरे से सुरक्षित-निवेश वाली परिसंपत्तियों की मांग के कारण सर्राफा की कीमतें ऊंचे स्तर पर कारोबार कर रही थीं। हाजिर सोना 14.70 डॉलर या 0.29 प्रतिशत बढ़कर 5,095.81 डॉलर प्रति औंस हो गया, जबकि चांदी 1.4 प्रतिशत बढ़कर 83.40 डॉलर प्रति औंस हो गई।

कारोबारियों ने कहा कि पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव से कीमती धातुओं को समर्थन जारी है। हालांकि, मुनाफावसूली से घरेलू बाजारों में बढ़त सीमित रही।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘शुक्रवार को सोने और चांदी की कीमतों में उल्लेखनीय उतार-चढ़ाव देखा गया, जो मुख्य रूप से पश्चिम एशिया में चल रहे भू-राजनीतिक तनाव और मजबूत सुरक्षित निवेश की खरीदारी के कारण था।’’

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय