नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में बुधवार को सोने की कीमतों में 1,300 रुपये की गिरावट आई और यह 1.44 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। इसकी वजह वैश्विक बाजार के कमजोर रुख और मजबूत डॉलर का इस कीमती धातु पर असर पड़ना था।
स्थानीय बाजार के जानकारों के मुताबिक, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट आई और यह 1,300 रुपये गिरकर 1,44,500 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी टैक्स मिलाकर) रह गया।
मंगलवार को यह 1,45,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
हालांकि, चांदी की कीमतों में लगातार दूसरे दिन तेजी जारी रही और यह 5,000 रुपये बढ़कर 2,35,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) हो गई।
पिछले सत्र में यह 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘बुधवार को घरेलू बाजार में सोने की कीमतें डॉलर के मजबूत होने और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल बढ़ने के कारण दबाव में रहीं, जिससे इस कीमती धातु की मांग प्रभावित हुई।’’
अंतरराष्ट्रीय बाजार में हाजिर सोना 21.75 डॉलर या 0.54 प्रतिशत घटकर 3,986.07 डॉलर प्रति औंस रह गया और चांदी एक प्रतिशत घटकर 58 डॉलर प्रति औंस रह गई।
मिराए एसेट शेयरखान में जिंस प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘विदेशी बाजार में हाजिर सोना लगातार तीसरे दिन गिरा और इसने 3,980 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार किया, क्योंकि अमेरिकी डॉलर इंडेक्स 0.15 प्रतिशत बढ़कर 101.34 हो गया।’’
बाजार विश्लेषकों ने बताया कि अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने का असर सर्राफा कीमतों पर पड़ा, क्योंकि इससे विदेशी खरीदारों के लिए सोना महंगा हो जाता है।
भाषा राजेश राजेश अजय
अजय