कमजोर मांग से सोना 9,050 रुपये टूटा, चांदी में 10,500 रुपये की गिरावट

कमजोर मांग से सोना 9,050 रुपये टूटा, चांदी में 10,500 रुपये की गिरावट

कमजोर मांग से सोना 9,050 रुपये टूटा, चांदी में 10,500 रुपये की गिरावट
Modified Date: March 23, 2026 / 07:35 pm IST
Published Date: March 23, 2026 7:35 pm IST

नयी दिल्ली, 23 मार्च (भाषा) कमजोर घरेलू मांग और सुस्त वैश्विक रुझानों के बीच राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोमवार को सोना 9,050 रुपये टूटकर 1.43 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया, जबकि चांदी 10,500 रुपये की गिरावट के साथ 2.30 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर आ गई।

अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना शुक्रवार के 1,52,650 रुपये प्रति 10 ग्राम के बंद स्तर से 9,050 रुपये या लगभग छह प्रतिशत टूटकर 1,43,600 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया।

चांदी भी 10,500 रुपये या 4.36 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,30,000 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) रह गई। पिछले कारोबारी सत्र में चांदी 2,40,500 रुपये प्रति किलोग्राम पर बंद हुई थी।

एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘कीमती धातुओं में पिछले सप्ताह की गिरावट बढ़ गई। सोमवार को दिन के कारोबार के दौरान में हाजिर सोना चार महीने के निचले स्तर पर फिसल गया।’’

उन्होंने तेज गिरावट के लिए पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव को जिम्मेदार ठहराया, जिससे कच्चे तेल की कीमतें ऊंची हो गईं और मुद्रास्फीति की चिंताएं बढ़ गईं। इससे कठोर मौद्रिक नीति रुख की आशंका बढ़ गई।

गांधी ने कहा, ‘‘कठोर मौद्रिक नीति की संभावना ने अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल को बढ़ावा दिया और डॉलर को मजबूत किया, जिससे सोने और चांदी पर और दबाव बढ़ गया।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 227.42 डॉलर या 5.06 प्रतिशत टूटकर 4,263.73 डॉलर प्रति औंस रह गया, जबकि चांदी 4.25 डॉलर या 6.3 प्रतिशत टूटकर 63.53 डॉलर प्रति औंस रह गई।

मिराए एसेट शेयरखान के जिंस प्रमुख प्रवीण सिंह ने कहा कि बढ़ती ब्याज दर की उम्मीदों के कारण कीमतों पर असर पड़ने के चलते विदेशी बाजारों में हाजिर सोने में गिरावट जारी रही।

उन्होंने कहा कि पिछले सप्ताह सोने की कीमतों में 10 प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई, जो चार दशक से अधिक की सबसे खराब साप्ताहिक गिरावट है।

वेंचुरा में जिंस और सीआरएम के प्रमुख एन एस रामास्वामी ने कहा कि ईरान संघर्ष के कारण हुए हालिया तेल के झटके ने उन देशों को बुरी तरह प्रभावित किया है जो सोने के भंडार का निर्माण कर रहे थे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय


लेखक के बारे में