कच्चातेल कीमतों में उछाल, मजबूत डॉलर के कारण सोना वायदा भाव में गिरावट

Ads

कच्चातेल कीमतों में उछाल, मजबूत डॉलर के कारण सोना वायदा भाव में गिरावट

  •  
  • Publish Date - May 4, 2026 / 06:50 PM IST,
    Updated On - May 4, 2026 / 06:50 PM IST

नयी दिल्ली, चार मई (भाषा) मजबूत डॉलर और कच्चातेल कीमतों में तेजी के बीच वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख के अनुरूप वायदा कारोबार में सोमवार को सोने की कीमत करीब एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम रही।

मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,149 रुपये यानी 0.76 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,50,203 रुपये प्रति 10 ग्राम रहा। इसमें 9,510 लॉट का कारोबार हुआ।

पिछले हफ्ते, सोने की कीमत 1,347 रुपये यानी लगभग एक प्रतिशत की गिरावट के साथ 1.51 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर रही थी।

लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘सोने की कीमतें काफी हद तक एक दायरे में ही बनी हुई हैं। लगातार महंगाई को लेकर चिंताओं और ऊंची ब्याज दरों की आशंका के चलते कीमतों पर थोड़ा दबाव देखने को मिला है। हालांकि वैश्विक तनावों के कारण कीमतों को कुछ हद तक सहारा भी मिल रहा है।’’

अंतरराष्ट्रीय बाजार, न्यूयॉर्क में जून अनुबंध वाले कॉमेक्स सोना वायदा की कीमत 58.7 डॉलर यानी 1.26 प्रतिशत टूटकर 4,585.8 डॉलर प्रति औंस रही।

भाषा राजेश राजेश रमण

रमण