तिरुवनंतपुरम, सात अगस्त (भाषा) केरल में लगातार जारी भारी बारिश के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने शुक्रवार सुबह के लिए राज्य के सात जिलों में ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है। लगातार हो रही बारिश को देखते हुए कई जिलों में शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी घोषित कर दी गई है।
सुबह सात बजे जारी आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, अलप्पुझा, कोट्टायम, एर्णाकुलम, त्रिशूर, पलक्कड़, कन्नूर और कासरगोड जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग ने अगले तीन घंटों के दौरान अलग-अलग स्थानों पर 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से अधिक की भारी बारिश का अनुमान जताया है।
पत्तनमथिट्ठा, इडुक्की, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जिलों के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया गया है, जहां 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और पांच से 15 मिलीमीटर प्रति घंटे की मध्यम बारिश की संभावना है।
वहीं तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और केंद्र शासित प्रदेश लक्षद्वीप के लिए ‘येलो अलर्ट’ लागू है, जहां 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने और 15 मिलीमीटर प्रति घंटे से कम हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान है।
भारी बारिश को देखते हुए एर्णाकुलम और त्रिशूर जिला प्रशासनों ने शुक्रवार सुबह शैक्षणिक संस्थानों में छुट्टी की घोषणा की। इससे पहले पत्तनमथिट्ठा, अलप्पुझा, कोट्टायम, वायनाड, कन्नूर और कासरगोड जिलों में भी शैक्षणिक संस्थानों में अवकाश घोषित कर दिया गया।
भारी बारिश जारी रहने के बीच कोट्टायम, पत्तनमथिट्ठा और अलप्पुझा जिलों के कुछ हिस्सों में बाढ़ का पानी उतरने लगा है। हालांकि, इन इलाकों में लगातार बारिश जारी रहने के कारण कई लोग अब भी राहत शिविरों में रहने को मजबूर हैं।
भारतीय राष्ट्रीय महासागर सूचना सेवा केंद्र (आईएनसीओआईएस) ने ऊंची लहरें उठने की चेतावनी दी है, जिसके तहत केरल तट के कुछ हिस्सों में 1.1 मीटर से 1.5 मीटर तक ऊंची लहरें उठने और तटीय इलाकों में पानी घुसने की आशंका है।
तिरुवनंतपुरम, कोल्लम और अलप्पुझा जिलों के तटीय क्षेत्रों के लिए यह चेतावनी सात अगस्त पूर्वाह्न 11.30 बजे तक प्रभावी रहेगी।
भाषा खारी रंजन
रंजन
रंजन