(Gold Price Today/ Image Credit: Pexels)
नयी दिल्ली: हालिया तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफासूली से बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में सोने की कीमतों में 7,600 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी की कीमतों में 27,700 रुपये प्रति किग्रा की गिरावट आई। अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, चांदी की कीमत 27,700 रुपये या 9.23 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,72,300 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गई।
लेमन मार्केट्स डेस्क के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को चांदी की कीमतों में भारी उतार-चढ़ाव देखा गया क्योंकि अमेरिका-इज़राइल-ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव से बढ़ी मजबूत सुरक्षित निवेश वाली परिसंपत्तियों की मांग को, ऊंचे स्तर पर भारी मुनाफावसूली ने बेअसर कर दिया।’’ होली के कारण मंगलवार और बुधवार को सर्राफा बाजार बंद रहे। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना भी 7,600 रुपये या 4.4 प्रतिशत टूटकर 1,65,200 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी कर मिलाकर) रह गया। पिछले बाजार सत्र में यह 1,72,800 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज के वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘बृहस्पतिवार को कमजोर वैश्विक संकेतों के बीच सोने की कीमतों में गिरावट आई, जबकि मजबूत भारतीय रुपये ने घरेलू सर्राफा पर दबाव डाला।’’ वैश्विक स्तर पर, हाजिर चांदी थोड़ी बढ़त के साथ 84.11 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार कर रहा थी, जबकि सोना 12.60 डॉलर या 0.25 प्रतिशत बढ़कर 5,153.91 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। मिराए एसेट शेयरखान में जिंस और मुद्रा के प्रमुख, प्रवीण सिंह ने कहा, ‘‘सोना अभी मजबूत अमेरिकी आंकड़ों और भू-राजनीतिक तनाव के असर के बीच फंसा हुआ है।’’