नयी दिल्ली, सात मई (भाषा) स्थानीय बाजार में बृहस्पतिवार को सोने की कीमत 600 रुपये बढ़कर 1.56 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गयी। यह तेजी डॉलर में गिरावट और अमेरिका-ईरान शांति समझौते की उम्मीदों के बीच कच्चे तेल की कीमतों में नरमी के कारण आई है।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, औद्योगिक मांग में सुधार के कारण चांदी की कीमत 7,000 रुपये बढ़कर 2,61,500 रुपये प्रति किलोग्राम हो गयी। यह लगातार चौथा दिन है जब चांदी की कीमतों में तेजी आई है।
99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 600 रुपये बढ़कर 1,56,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) हो गयी। बुधवार को सोने की कीमत 2,900 रुपये बढ़कर 1,55,400 रुपये प्रति 10 ग्राम रही थी।
सर्राफा संघ के अनुसार, 99.5 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 1,55,200 रुपये प्रति 10 ग्राम पर रहा।
चांदी की कीमत में भी लगातार चौथे दिन तेजी आई और यह 7,000 रुपये बढ़कर 2,61,500 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) हो गयी। पिछले सत्र में चांदी की कीमत में 3,500 रुपये बढ़कर 2,54,500 रुपये प्रति किलोग्राम रही थी।
एचडीएफसी सिक्योरिटीज में वरिष्ठ विश्लेषक (जिंस) सौमिल गांधी ने कहा, ‘‘अमेरिका-ईरान के बीच संभावित समझौते को लेकर बनी उम्मीदों से कीमती धातुओं के बाजार में सकारात्मक माहौल बना रहा। इससे सोने की कीमतों में तेजी बनी रही।’’
गांधी ने कहा, ‘‘डॉलर में जारी कमजोर रुख से कीमती धातुओं को और सहारा मिला। डॉलर सूचकांक 98 के स्तर से नीचे रहा। अमेरिका-ईरान के बीच संघर्ष को सुलझाने के लिए संभावित समझौते को लेकर बाजार में चल रही अटकलों के कारण डॉलर में आई गिरावट से मौद्रिक नीति में नरमी की संभावनाएं बनी हैं।’’
बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर सूचकांक 0.14 प्रतिशत की गिरावट के साथ 97.88 पर कारोबार कर रहा था।
अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड ऑयल की कीमतों में तीन प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। इससे यह 97.97 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।
वैश्विक बाजारों में, सोने की कीमतों में लगातार तीसरे दिन बढ़त देखने को मिली। हाजिर सोना 0.9 प्रतिशत बढ़कर 4,734.28 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। हाजिर चांदी की कीमतें पांच प्रतिशत से भी अधिक बढ़कर 81.35 डॉलर प्रति औंस हो गईं।
लेमन के शोध विश्लेषक, गौरव गर्ग ने कहा, ‘‘कीमती धातुओं की कीमतों में इस बढ़ोतरी का मुख्य कारण पश्चिम एशिया में तनाव में आई कमी है। … इससे बाजार का माहौल बेहतर हुआ है।’’
भाषा राजेश राजेश रमण
रमण