सरकार आईआरएफसी में दो प्रतिशत हिस्सेदारी 91 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचेगी

Ads

सरकार आईआरएफसी में दो प्रतिशत हिस्सेदारी 91 रुपये प्रति शेयर के भाव पर बेचेगी

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 09:38 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 09:38 PM IST

नयी दिल्ली, 23 जून (भाषा) सरकार भारतीय रेल वित्त निगम (आईआरएफसी) में दो प्रतिशत तक हिस्सेदारी बेचने के लिए बुधवार को बिक्री पेशकश (ओएफएस) लाएगी। हिस्सेदारी बिक्री 91 रुपये प्रति शेयर के भाव पर की जाएगी।

आईआरएफसी के लिए 91 रुपये प्रति शेयर का भाव मंगलवार के बंद मूल्य से 7.79 प्रतिशत कम है।

निवेश और लोक परिसंपत्ति प्रबंधन विभाग (दीपम) के सचिव अरुणीश चावला ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि सरकार आईआरएफसी में एक प्रतिशत हिस्सेदारी बेचने की पेशकश करेगी। इसमें एक प्रतिशत का ‘ग्रीन शू’ विकल्प यानी अतिरिक्त बोली आने पर उसे रखने का विकल्प रखा गया है।

उन्होंने कहा कि यह पेशकश गैर-खुदरा निवेशकों के लिए बुधवार को खुलेगी जबकि खुदरा निवेशक बृहस्पतिवार को बोली लगा सकेंगे।

बीएसई पर आईआरएफसी का शेयर पिछले सत्र की तुलना में 2.16 प्रतिशत टूटकर 98.69 रुपये पर बंद हुआ।

चालू वित्त वर्ष में अब तक सरकार पांच केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रमों और बैंकों में अल्पांश हिस्सेदारी बेच चुकी है, जिससे कुल विनिवेश प्राप्ति 16,480 करोड़ रुपये हो गई है।

इसमें कोल इंडिया से 5,542 करोड़ रुपये, एनएचपीसी से 4,357 करोड़ रुपये, जीआईसी से 3,090 करोड़ रुपये, सेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया से 2,266 करोड़ रुपये और एनएलसी इंडिया से 1,223 करोड़ रुपये जुटाये गये हैं।

भाषा रमण अजय

अजय