रुपया 13 पैसे टूटकर 94.76 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया 13 पैसे टूटकर 94.76 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 23, 2026 / 09:17 PM IST,
    Updated On - June 23, 2026 / 09:17 PM IST

मुंबई, 23 जून (भाषा) अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में मंगलवार को अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले रुपया 13 पैसे कमजोर होकर 94.76 पर बंद हुआ। डॉलर के मजबूत होने और घरेलू बाजार के कमजोर रहने से रुपये पर दबाव है।

हालांकि, वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में नरमी रही, जिससे रुपये की गिरावट सीमित रही।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.73 प्रति डॉलर पर खुला। शुरुआती कारोबार में यह अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.63 से 94.92 के स्तर तक पहुंचा और अंत में 94.76 प्रति डॉलर पर बंद हुआ, जो पिछले भाव से 13 पैसे की गिरावट है।

रुपया सोमवार को 30 पैसे टूटकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.63 पर बंद हुआ था।

मिराए एसेट शेयरखान के शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने और घरेलू बाजारों के कमजोर पड़ने के कारण रुपये पर दबाव बना रहा। हालांकि, कच्चे तेल की गिरती कीमतों और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में नरमी ने गिरावट को कुछ हद रोक लिया।’’

जियोजीत इन्वेस्टमेंट्स लिमिटेड के प्रमुख निवेश रणनीतिकार वी. के. विजयकुमार ने कहा, ‘‘निकट भविष्य में रुपया 94.60 से 94.95 प्रति डॉलर के दायरे में कारोबार कर सकता है। वाणिज्यिक बैंकों द्वारा जुटाए जा रहे विदेशी मुद्रा प्रवासी बैंक (एफसीएनआर- बी) जमा के डेटा से वायदा बाजार काफी हद तक प्रभावित होगा।’’

इस बीच, दुनिया के छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 101.09 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.54 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.48 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

घरेलू शेयर बाज़ारों में सेंसेक्स 893.39 अंक टूटकर 76,200.68 अंक पर बंद हुआ, जबकि निफ्टी 278.80 अंक लुढ़ककर 23,824.10 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बाजार में शुद्ध लिवाल रहे और उन्होंने मंगलवार को 17.86 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा राजेश राजेश अजय

अजय