ग्रासिम ने पिछले पांच साल में 74,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश किया: कुमार मंगलम बिड़ला

Ads

ग्रासिम ने पिछले पांच साल में 74,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत निवेश किया: कुमार मंगलम बिड़ला

  •  
  • Publish Date - July 20, 2026 / 09:35 PM IST,
    Updated On - July 20, 2026 / 09:35 PM IST

नयी दिल्ली, 20 जुलाई (भाषा) ग्रासिम इंडस्ट्रीज के चेयरमैन ने कुमार मंगलम बिड़ला ने कहा है कि पिछले पांच वर्षों में कंपनी ने अपने विभिन्न कारोबार में करीब 74,000 करोड़ रुपये का पूंजीगत व्यय किया है।

बिड़ला ने इसे दीर्घकालिक मांग में कंपनी के भरोसे और भारत की वृद्धि क्षमता में गहरे विश्वास का प्रतिबिंब बताया।

आदित्य बिड़ला समूह की प्रमुख कंपनी ग्रासिम ने अपनी नवीनतम वार्षिक रिपोर्ट में कहा कि वह उन चुनिंदा निजी क्षेत्र की कंपनियों में शामिल है, जो लगातार भारत के भविष्य में निवेश कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि इस निरंतर निवेश ने क्षमता को मजबूत किया है, योग्यताओं को बढ़ाया है, उच्च विकास वाले क्षेत्रों में कंपनी की उपस्थिति का विस्तार किया है और अधिक महत्वाकांक्षी, आत्मनिर्भर तथा तेजी से विकसित हो रहे भारत की जरूरतों को पूरा करने के लिए मंच तैयार किए हैं।

बिड़ला ने कहा, ‘पिछले पांच वर्षों के दौरान, कंपनी ने अपने व्यवसायों में पूंजीगत व्यय के रूप में लगभग 74,000 करोड़ रुपये का निवेश किया है। यह न केवल दीर्घकालिक मांग में हमारे विश्वास को दर्शाता है बल्कि भारत की वृद्धि क्षमता पर हमारे गहरे भरोसे को भी बताता है।’

चेयरमैन ने कहा कि वित्त वर्ष 2025-26 आदित्य बिड़ला समूह के लिए एक मील का पत्थर साबित हुआ है। इस दौरान समूह के बड़े विनिर्माण व्यवसायों ने अपनी अग्रणी स्थिति को मजबूत किया, नए उपक्रमों ने पूरे विश्वास के साथ अपना विस्तार किया और पारंपरिक उपभोक्ता व्यवसायों को विकास के एक नए चरण के लिए पुनर्गठित किया गया।

भाषा योगेश अजय

अजय