नयी दिल्ली, 14 जुलाई (भाषा) देश की प्रमुख त्वरित सेवा रेस्तरां श्रृंखला कंपनी जुबिलेंट फूडवर्क्स लिमिटेड (जेएफएल) को माल एवं सेवा कर (जीएसटी) विभाग से 46.90 करोड़ रुपये की कर मांग का कारण बताओ नोटिस मिला है। कंपनी ने सोमवार को यह जानकारी दी।
जेएफएल ने शेयर बाजार को दी जानकारी में कहा कि वह जीएसटी विभाग के इस नोटिस को चुनौती देगी।
जुबिलेंट भरतिया समूह की प्रमुख कंपनी जेएफएल के अनुसार, कारण बताओ नोटिस में आरोप लगाया गया है कि जेएफएल का जीएसटी रिटर्न दाखिल करते समय गलत तालिका में इनपुट टैक्स क्रेडिट (आईटीसी) को रिवर्स किया गया है।
जेएफएल ने कहा, ‘‘कंपनी को जीएसटी विभाग से एक कारण बताओ नोटिस मिला है, जिसमें 46,90,96,051 रुपये की जीएसटी मांग की गई है।’’
इस कंपनी के पास डोमिनोज़ और पॉपीज जैसे वैश्विक त्वरित सेवा रेस्तरां ब्रांड के लिए फ़्रेंचाइज़ी अधिकार हैं।
जेएफएल के अनुसार, कंपनी का मानना है कि जारी किए गए कारण बताओ नोटिस में उसकी ओर से दी गई दलीलों के गुण-दोष पर विचार नहीं किया गया है।
कंपनी को यह नोटिस 13 जुलाई को प्राप्त हुआ था।
भाषा यासिर अजय
अजय