वडोदरा, 29 जून (भाषा) गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सोमवार को कहा कि सफल वाइब्रेंट सम्मेलनों के कारण राज्य देश की वृद्धि का इंजन बनकर उभरा है और यह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संतुलित वृद्धि की अवधारणा को आगे बढ़ा रहा है।
वडोदरा में मध्य गुजरात क्षेत्र के लिए आयोजित चौथे वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (वीजीआरसी) के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए पटेल ने कहा कि राज्य को पिछले 25 साल से प्रधानमंत्री मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का लाभ मिला है।
इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी भी मौजूद थे।
मुख्यमंत्री ने कहा, “गुजरात को पिछले 25 वर्षों से मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व का लाभ मिला है। हम उनके द्वारा शुरू की गई संतुलित वृद्धि की अवधारणा को आगे बढ़ा रहे हैं।”
उन्होंने कहा कि मेहसाणा, राजकोट और सूरत में आयोजित वाइब्रेंट गुजरात सम्मेलनों की सफलता के बाद चौथा वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (वीजीआरसी) आयोजित किया जा रहा है। यह सम्मेलन मध्य गुजरात के 10 जिलों को शामिल करता है।
उन्होंने कहा कि पिछले तीन वाइब्रेंट गुजरात क्षेत्रीय सम्मेलन (वीजीआरसी) के दौरान राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में 9,499 समझौता ज्ञापनों के माध्यम से 13.30 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है।
उन्होंने कहा कि कभी वह समय भी था जब मध्य गुजरात क्षेत्र में साइकिल निर्माण तक का निवेश आकर्षित करना मुश्किल था, लेकिन आज यह देश की विनिर्माण आपूर्ति श्रृंखला का एक महत्वपूर्ण केंद्र बन चुका है।
भाषा योगेश अजय
अजय