रुपया नौ पैसे कमजोर होकर 94.54 प्रति डॉलर पर

Ads

रुपया नौ पैसे कमजोर होकर 94.54 प्रति डॉलर पर

  •  
  • Publish Date - June 29, 2026 / 04:47 PM IST,
    Updated On - June 29, 2026 / 04:47 PM IST

मुंबई, 29 जून (भाषा) रुपया सोमवार को नौ पैसे कमजोर होकर अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.54 (अस्थायी) पर रहा।

विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि कच्चे तेल की अनुकूल कीमतों और विदेशी निवेश प्रवाह में सुधार के कारण रुपये ने सकारात्मक शुरुआत की। हालांकि, अमेरिका-ईरान के बीच फिर से सैन्य संघर्ष के कारण निवेशकों की धारणा प्रभावित हुई जिससे घरेलू मुद्रा पर दबाव बना।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 94.36 प्रति डॉलर पर खुला। कारोबार के दौरान डॉलर के मुकाबले 94.25 से 94.56 के दायरे में रहा। अंत में यह 94.54 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा, जो पिछले बंद भाव की तुलना में नौ पैसे कम है।

रुपया बृहस्पतिवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 94.45 पर बंद हुआ था। मुहर्रम के कारण शुक्रवार को भारतीय शेयर, मुद्रा और जिंस बाजार बंद रहे थे।

मिराए एसेट शेयरखान में शोध विश्लेषक अनुज चौधरी ने कहा, ‘‘ अमेरिका और ईरान के बीच फिर से बढ़े तनाव की वजह से रुपया कमजोर हो सकता है। हालांकि, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और महंगाई को लेकर कम होती चिंताएं निचले स्तर पर रुपये को सहारा दे सकती हैं। डॉलर के मुकाबले रुपये का हाजिर भाव 94.20 से 94.80 के दायरे में रहने का अनुमान है।’’

इस बीच, छह प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर की स्थिति को दर्शाने वाला डॉलर सूचकांक 0.07 प्रतिशत की गिरावट के साथ 101.28 पर रहा।

अंतरराष्ट्रीय मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 1.26 प्रतिशत की बढ़त के साथ 72.90 डॉलर प्रति बैरल के आसपास रहा।

घरेलू शेयर बाजारों में सेंसेक्स 372.10 अंक टूटकर 76,728.37 अंक पर जबकि निफ्टी 109.75 अंक की गिरावट के साथ 23,946.25 अंक पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) बृहस्पतिवार को शुद्ध लिवाल रहे थे और उन्होंने 383.76 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे।

भाषा यासिर निहारिका

निहारिका