ईरान के साथ सैन्य संघर्ष के बीच हाइफा बंदरगाह पूरी तरह सुरक्षित और परिचालन में: अदाणी समूह
ईरान के साथ सैन्य संघर्ष के बीच हाइफा बंदरगाह पूरी तरह सुरक्षित और परिचालन में: अदाणी समूह
नयी दिल्ली, एक मार्च (भाषा) ईरान के साथ बढ़ते सैन्य संघर्ष के बीच अदाणी समूह ने रविवार को कहा कि इजराइल स्थित उसका ‘हाइफा बंदरगाह’ पूरी तरह सुरक्षित है और परिचालन की स्थिति में है।
अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकॉनमिक जोन (एपीएसईजेड) ने एक बयान में कहा कि उसके सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं और बंदरगाह की सभी संपत्तियां तथा बुनियादी ढांचा पूरी तरह सुरक्षित है।
अमेरिका और इजराइल ने शनिवार को ईरान के खिलाफ एक सैन्य अभियान शुरू किया, जिसमें उसके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला अली खामेनेई की मौत हो गई। इसके जवाब में ईरान ने इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन हमले किए हैं, जिनमें हाइफा को भी निशाना बनाया गया है।
बयान में कहा गया, ‘हाइफा पोर्ट कंपनी पुष्टि करती है कि उसके सभी कर्मचारी सुरक्षित हैं। बंदरगाह की सभी संपत्तियां और बुनियादी ढांचा पूरी तरह सुरक्षित एवं परिचालन की स्थिति में है।’
हालांकि, बयान में यह स्पष्ट नहीं किया गया है कि ईरान के किसी ड्रोन या मिसाइल ने बंदरगाह को नुकसान पहुंचाया है या नहीं।
बंदरगाह प्राधिकरण लगातार स्थिति की निगरानी कर रहा है और इजराइल के परिवहन एवं सड़क सुरक्षा मंत्रालय के साथ निकट समन्वय बनाए हुए है। प्राधिकरण उनके निर्देशों के अनुसार ही काम कर रहा है।
बयान में कहा गया, ‘‘हम अपने लोगों की सुरक्षा और परिचालन की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं, ताकि इजराइल की आपूर्ति श्रृंखला और अंतरराष्ट्रीय व्यापार के लिए स्थिरता बनी रहे।’’
भाषा सुमित अजय
अजय

Facebook


