नयी दिल्ली, एक जुलाई (भाषा) दोपहिया वाहन विनिर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प की कुल बिक्री जून में 2.3 प्रतिशत घटकर 5,41,159 इकाई रही, जबकि पिछले वर्ष इसी महीने में यह 5,53,963 इकाई थीं। कंपनी ने बुधवार को यह जानकारी दी।
हीरो मोटोकॉर्प ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि पिछले महीने उसकी घरेलू बिक्री 5,02,890 इकाई रही, जो जून] 2025 में 5,25,136 इकाई थी।
हालांकि, पिछले महीने कंपनी का निर्यात 38,269 इकाई रहा, जो जून, 2025 में 28,827 इकाई था।
पिछले महीने कंपनी की मोटरसाइकिल बिक्री 4,78,701 इकाई रही, जो 2025 में इसी महीने 5,12,658 इकाई थी। वहीं स्कूटर की बिक्री 62,458 इकाई रही, जबकि जून, 2025 में यह 41,305 इकाई थी।
कंपनी ने बताया कि उसके इलेक्ट्रिक स्कूटर विडा ने जून, 2026 में मजबूत प्रदर्शन किया। इस दौरान वाहन पोर्टल पर उसके 21,812 पंजीकरण दर्ज किए गए, जो सालाना आधार पर 185 प्रतिशत की वृद्धि हैं।
हीरो मोटोकॉर्प ने कहा कि वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही (अप्रैल-जून) में उसकी कुल थोक बिक्री 23 प्रतिशत बढ़कर 16.8 लाख इकाई रही, जो इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 13.67 लाख इकाई थी।
भाषा यासिर अजय
अजय