शिमला, 12 जुलाई (भाषा) हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने रविवार को कहा कि राज्य के बागवानी क्षेत्र को मजबूत करने और किसानों की आय बढ़ाने के मकसद से सरकार वर्ष 2026 से 2031 तक ‘हाई वैल्यू नट मिशन’ शुरू करेगी।
सुक्खू ने यहां जारी एक बयान में कहा कि इस मिशन के तहत अखरोट, बादाम, खुबानी और चिलगोजा जैसे उच्च मूल्य वाले समशीतोष्ण मेवा फसलों की पैदावार को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा, ‘‘इस मिशन का मकसद पुराने होते बाग, कम पैदावार, कटाई के बाद के लिए जरूरी बुनियादी सुविधाओं की कमी आदि जैसी बागवानी क्षेत्र की मुख्य चुनौतियों से निपटना है। इसका मुख्य मकसद वैज्ञानिक तरीके से बागों के प्रबंधन, आधुनिक बुनियादी ढांचे और बाज़ार तक बेहतर पहुंच के जरिए बागवानी के टिकाऊ विकास के लिए एक मजबूत परिवेश तैयार करना है।’’
भाषा यासिर योगेश
योगेश